करमा पूजा की खुशियां मातम में बदलीं, कोयल नदी में डूबने से चार युवकों

पलामू, 23 सितंबर । झारखंड के पलामू जिले में करमा पूजा का पर्व मातम में बदल गया। चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव में पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान कोयल नदी में पांच लड़के डूब गए। इस दर्दनाक हादसे में चार लड़कों की मौत हो गई जबकि एक लड़का अभी भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह बोकेया पतरिया गांव के पांच लड़के करमा पूजा की सामग्री लेकर कोयल नदी में विसर्जन करने गए थे। नदी के किनारे से थोड़ा आगे बढ़ते ही वे अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। पानी का बहाव इतना तेज था कि पांचों खुद को संभाल नहीं पाए और देखते ही देखते डूब गए।

आसपास मौजूद लोगों ने जब लड़कों को डूबते देखा तो शोर मचाया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से चार लड़कों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया। चारों मृतक एक ही मोहल्ले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है।

मृतकों की पहचान नीतीश सिंह (18), अमित ठाकुर (22), राजा सिंह (12) और विशाल पासवान (16) के रूप में हुई है। पांचवें लड़के की तलाश के लिए एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नदी में इस समय पानी का स्तर बढ़ा हुआ है और बहाव भी तेज है, जिसके कारण हादसा हुआ।

एक ही गांव के चार युवकों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। करमा पूजा के बीच हुई इस घटना ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। गांव में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter