बारामूला के निलसार कंडी में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, 14 आरपीजी शेल समेत हथियार, गोला बारूद बरामद

बारामूला, 24 मई । जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के निलसार कंडी इलाके में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार देर दोपहर सुरक्षा बलों ने कंडी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।

52 राष्ट्रीय राइफल्स (52 आरआर), सीआरपीएफ की 53वीं बटालियन, एसओजी क्रेरी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने निलसार स्थित एक बाग में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों का पता लगाया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। इसमें 14 आरपीजी शेल, 9 बूस्टर, 2 कप, 3 कांच की बोतलें तथा अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल है।

बरामदगी के तुरंत बाद इलाके में बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। बम निरोधक टीम ने पूरे इलाके की तलाशी ली और सभी विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर हटा दिया। इस मामले में पुलिस स्टेशन चांदूसा में एफआईआर संख्या 23/2026 दर्ज कर ली गई है। मामले में विस्फोटक अधिनियम की धारा 4/5 तथा भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 7/25 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सुरक्षा बलों के सूत्रों ने बताया कि यह सामग्री आतंकियों द्वारा हमलों को अंजाम देने के लिए छिपाकर रखी गई थी। संयुक्त अभियान की सफलता से इलाके में संभावित आतंकी गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है।

बारामूला के इस इलाके में पहले भी आतंकी घटनाएं हो चुकी हैं। सुरक्षा बल लगातार आतंकियों के ठिकानों और हथियारों की तलाश में सक्रिय हैं। इस बरामदगी को सुरक्षा बलों की खुफिया सूचना और सतर्कता का नतीजा माना जा रहा है।

स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ये हथियार और विस्फोटक किस आतंकी संगठन से संबंधित हैं और इन्हें यहां छिपाने में किन-किन लोगों की भूमिका थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

ट्रेडिंग न्यूज

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement