हजारीबाग के चरही में अनियंत्रित ट्रेलर ने तीन वाहनों को मारी टक्कर, दो की मौत

हजारीबाग, 24 मई । झारखंड के हजारीबाग जिले में चरही एनएच स्थित ओवरब्रिज के पास रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, बिहार शरीफ से ईंट लादकर रांची जा रहा ट्रेलर रविवार सुबह करीब छह बजे चरही एनएच स्थित प्रकाश होटल के पास अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे की चपेट में आया ट्रक पानीपत से प्लास्टिक दाना लेकर विशाखापत्तनम जा रहा था।

बताया गया कि ट्रक चालक चाय पीने के लिए होटल के पास वाहन खड़ा कर रुका हुआ था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। सड़क किनारे खड़े दो अन्य वाहन भी दुर्घटना की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें भारी नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना मिलने के बाद चरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ट्रेलर में फंसे लोगों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement