काशी और गया जी से पहले इस जगह पर पिंडदान करना जरूरी! रामायण से जुड़ी

नई दिल्ली, 25 सितंबर । पितरों की आत्मा की शांति और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए हिंदू धर्म में श्राद्ध और पिंडदान का विशेष महत्व माना गया है। देश में कई ऐसे तीर्थ हैं, जहां पितरों के निमित्त तर्पण और पिंडदान करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इनमें प्रयागराज, काशी और गया जी का विशेष स्थान माना जाता है। खासकर प्रयागराज का त्रिवेणी संगम, जहां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती का संगम माना जाता है, पितृ कर्म के लिए बेहद पवित्र माना जाता है।

प्रयागराज को सनातन परंपरा में तीर्थराज कहा जाता है। यहां त्रिवेणी संगम पर स्नान, तर्पण, श्राद्ध और दान जैसे धार्मिक कर्म किए जाते हैं। संगम की पवित्र भूमि पर पितरों के लिए किया गया तर्पण उन्हें तृप्ति प्रदान करता है। पितृ पक्ष के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग यहां पहुंचते हैं। संगम तट पर पुरोहितों के मार्गदर्शन में पिंडदान, तर्पण और अन्य श्राद्ध कर्म किए जाते हैं।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीराम ने लंका विजय के बाद जब माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे, तब उन्होंने अपने पिता राजा दशरथ के लिए सबसे पहला पिंडदान प्रयागराज के संगम तट पर ही किया था, तभी से यह परंपरा चली आ रही है कि पहले प्रयागराज, फिर काशी और अंत में गया जी में पिंडदान किया जाता है। प्रयागराज में पितृ कर्म की यह परंपरा आज भी जीवित है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें हिस्सा लेते हैं।

प्रयागराज को जहां त्रिवेणी संगम और तीर्थराज की वजह से विशेष माना जाता है, वहीं काशी भगवान शिव की नगरी के रूप में पितृ कर्म और मोक्ष से जुड़ी है। गया में भगवान विष्णु से संबंधित विष्णुपद मंदिर और पिंडदान की प्राचीन परंपरा इसे अलग महत्व देती है।

पिंडदान के दौरान आमतौर पर पिंड अर्पित करने के साथ तर्पण किया जाता है। परिवार अपने पितरों का स्मरण करते हुए जल अर्पित करता है। इसके साथ ब्राह्मण भोजन, अन्न-वस्त्र दान और अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्य दान करने की परंपरा भी कई परिवारों में है।

हालांकि हर परिवार के लिए प्रयागराज में पहले पिंडदान करना अनिवार्य नहीं कहा जा सकता। अलग-अलग शास्त्रीय परंपराओं और स्थानीय मान्यताओं में विधि अलग हो सकती है। यहां तक कि काशी और गया में पिंडदान के क्रम को लेकर भी अलग-अलग परंपराएं देखने को मिलती हैं। इसलिए किसी परिवार की परंपरा में क्या विधि और क्रम है, इसके लिए स्थानीय तीर्थ पुरोहित या विद्वान आचार्य से सलाह लेना उचित माना जाता है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter