नोएडा: वाटर पार्क में नहाने के दौरान 21 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

नोएडा, 28 अप्रैल । नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र स्थित जीआईपी मॉल के वाटर पार्क में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां स्विमिंग के लिए आए 21 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।

इस घटना के बाद वाटर पार्क में अफरा-तफरी मच गई, वहीं युवक के परिवार में मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार, युवक अपने परिवार के साथ छुट्टी का आनंद लेने के लिए जीआईपी मॉल स्थित वाटर पार्क में आया था। बताया जा रहा है कि युवक वेव पूल में नहा रहा था, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वेव आने के दौरान युवक असहज महसूस करने लगा और कुछ ही देर में वह बेहोश होकर पानी में गिर पड़ा। वाटर पार्क के कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों ने तुरंत युवक को पानी से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की। स्थिति गंभीर देखते हुए उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक आशंका है कि युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने के पीछे हार्ट अटैक या पानी में घबराहट जैसी स्थिति हो सकती है। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।

इस दुखद घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन किसी भी तरह की लापरवाही की आशंका जता रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, वहीं वाटर पार्क प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement