सतपुली में दर्दनाक हादसा: बोलेरो पर गिरा विशाल बोल्डर, एक की मौत, दो गंभीर घायल

पौड़ी गढ़वाल, 28 जून । उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में कोटद्वार-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सतपुली के पास सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पहाड़ से एक बोल्डर बोलेरो वाहन पर गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब तीन बजे गुमखाल-सतपुली मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक एक बड़ा बोल्डर नीचे आ गिरा और गाजियाबाद नंबर की बोलेरो को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन गुमखाल से सतपुली की ओर जा रहा था।

बोल्डर गिरने से बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में वाहन में सवार श्रीकांत (45) निवासी केरल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक समेत सरनजीत (61), निवासी दिल्ली और उदय, निवासी पश्चिम बंगाल गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों गाजियाबाद स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सतपुली पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए कटर मशीन की मदद से बोलेरो को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

वहीं, ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर हुए एक हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक ट्रक चढ़ाई पर अचानक बैक गियर न लगने के कारण फिसलने लगा। इसके बाद उसके पीछे के ट्रक भी पीछे हटने लगे। इसी दौरान पीछे से पत्नी और बेटी के साथ अंकित बाइक सवार से पहुंच गए और ट्रक के पीछे रुक गए। उन्होंने अचानक ट्रक को अपनी तरफ आता देखा तो उन्होंने संभलने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी बाइक ट्रक के चपेट में आ गई और डेढ़ साल की बच्ची नौनी ट्रक के अगले टायर के नीचे आ गई।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement