आंध्र प्रदेश: बारिश और तेज हवाओं ने मचाया कहर, चार की मौत

अमरावती, 29 मई । आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में गुरुवार देर रात तेज़ हवाओं के साथ हुई बारिश ने भारी तबाही मचा दी, जिससे अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई।

कृष्णा जिले के कुम्मारिपालेम में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों पर पेड़ गिर गया। इस हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनोहर और शिवराम कृष्ण के रूप में हुई है।

दो अलग-अलग घटनाओं में बिजली का झटका लगने से एक होम गार्ड और एक छात्र की मौत हो गई।

कृष्णा जिले में बिजली का झटका लगने से एक छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान इंटरमीडिएट की छात्रा अनीता के रूप में हुई है।

यह घटना पामिडीमुक्काला मंडल के लंकापल्ली गांव में हुई। अनीता पीने का पानी लेने के लिए नल पर गई थी, तभी वह एक बिजली के तार के संपर्क में आ गई। यह तार पिछली रात तेज़ हवाओं के कारण टूट गया था।

एनटीआर जिले के विजयवाड़ा में बिजली का तार गिरने से एक होम गार्ड की मौत हो गई।

प्रभावित जिलों में कुछ जगहों पर तेज़ हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए और होर्डिंग भी गिर गए।

कुछ जगहों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर जाने से वाहनों का आवागमन बाधित हो गया।

कृष्णा जिले के मछलीपट्टनम में भारी बारिश हुई, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं और वाहनों का आवागमन बाधित हो गया।

पूर्वी गोदावरी जिले में स्थित ‘रैतु सेवा केंद्र’ पर बिजली गिर गई। इससे केंद्र में किसानों के लिए रखे खाली बोरों में आग लग गई। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।

कृष्णा, गुंटूर, प्रकाशम, बापटला, पलनाडु, पूर्वी गोदावरी, पश्चिम गोदावरी, डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनसीमा और कडपा जिलों के कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

ऊर्जा मंत्री गोट्टिपाटी रवि कुमार ने कहा कि कल रात बारिश और तेज़ हवाओं के कारण कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी।

उन्होंने अधिकारियों को शुक्रवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बारिश और तेज हवाओं के कारण बहाली का काम प्रभावित हुआ।

अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि गोदावरी के दोनों जिलों के ज्यादातर प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिजली के झटके लगने की घटनाओं से बचने के लिए सभी जरूरी सावधानियां बरतें।

मंत्री ने उस घटना पर दुख व्यक्त किया, जिसमें बिजली का तार टूटकर गिरने से एक होम गार्ड की करंट लगने से मौत हो गई। उन्होंने मृतक के परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

इस बीच, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि पूर्वी गोदावरी, काकीनाडा, गुंटूर, बापटला और तिरुपति जिलों में बिजली कड़कने के साथ-साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन के अनुसार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने और पेड़ों, बिजली के खंभों या होर्डिंग्स के नीचे खड़े न होने की सलाह दी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement