झारखंड : गिरिडीह में पिता ने तीन नाबालिग बेटियों की धारदार हथियार से की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

गिरिडीह, 8 जून । झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तुरुकडीह गांव में सोमवार सुबह एक व्यक्ति ने सोमवार सुबह अपनी तीन नाबालिग बेटियों पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस दिल दहलाने वाली वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मृत बच्चियों की पहचान 14 वर्षीय पल्लवी यादव और दो जुड़वा बहनों 6 वर्षीय रिद्धि यादव और 6 वर्षीय सिद्धि यादव के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार की सुबह आरोपी नंदू यादव अचानक हिंसक हो उठा और उसने घर के भीतर ही अपनी तीनों बेटियों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। तीनों बच्चियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के दौरान घर में मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों ने जब बच्चियों की चीख-पुकार सुनी, तो वे तुरंत उस तरफ भागे। लेकिन, नंदू यादव ने बेटियों पर लगातार हमले जारी रखे।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी के हिंसक व्यवहार को देखते हुए उसकी पत्नी अपने बेटे के साथ घर के दूसरे हिस्से में चली गई, जिससे उनकी जान बच गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है। दिल दहला देने वाले इस हत्याकांड की खबर जंगल की आग की तरह फैली और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव भारी पुलिस बल के साथ तुरुकडीह गांव पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी नंदू यादव को ग्रामीणों के गुस्से से बचाकर तुरंत हिरासत में लिया और थाने भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया कि पुलिस घटना की पूरी संवेदनशीलता के साथ जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआती तफ्तीश में हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वारदात की गंभीरता और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और आरोपी पिता से पूछताछ के बाद ही इस वीभत्स घटना के पीछे की असली वजह और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement