उत्तर प्रदेश: गाजियाबाद पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में वांछित दो

गाजियाबाद, 18 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोलियां लगीं, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

एसीपी उपासना पांडे ने बताया कि देर रात्रि मुखबिर की ओर से सूचना प्राप्त हुई कि विजय नगर में रेप के मुकदमे में वांछित चल रहे दो अभियुक्त जल निगम प्लांट साजवान नगर के पास देखे गए हैं। इस सूचना पर थाना विजय नगर पुलिस की ओर से सोसाइटी के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की गई।

एसीपी के अनुसार, पुलिस टीम को चेकिंग के दौरान सामने से एक बाइक पर दो व्यक्ति आते हुए दिखे। साजवान नगर से सोसाइटी की तरफ आ रहे इन लोगों को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो रुकने के बजाय उन्होंने मुड़कर भागने की कोशिश की। रास्ता उबड़-खाबड़ होने की वजह से अनियंत्रित होकर दोनों गिर गए। इसी बीच, पुलिस को अपनी ओर आते देखकर आरोपियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।

एसीपी उपासना पांडे ने बताया कि आरोपियों की ओर से फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान, दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई।

उन्होंने बताया कि घायल अपराधियों की पहचान चमन कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय मुस्तकीम और सिद्धार्थ विहार निवासी 40 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई है। एसीपी ने बताया कि आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट की बाइक और दो मोबाइल बरामद हुए हैं। दोनों को अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मौके पर शांति और कानून व्यवस्था कायम है। फिलहाल, अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

इससे पहले 17 अक्टूबर को गाजियाबाद के भोजपुर इलाके में पुलिस मुठभेड़ के बाद 22 वर्षीय वांछित लुटेरे राज उर्फ ​​राजेंद्र पांडे को गिरफ्तार किया गया था। उस पर 10,000 रुपए का इनाम घोषित था। अधिकारियों के अनुसार, जब आरोपी को रुकने का इशारा किया गया, तो वह बाइक से भागने की कोशिश करने लगा, जिससे बाइक फिसल गई। उसने देसी पिस्तौल से पुलिस टीम पर गोली चलाई। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिससे उसके पैर में गोली लग गई।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter