अमृतसर में एएसआई को गोली मारने का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार, एक पुलिसकर्मी सस्पेंड
अमृतसर के राजासांसी इलाके में एएसआई जसवंत सिंह को गोली मारने के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया है।

अमृतसर, 24 सितंबर । अमृतसर के राजासांसी इलाके में एएसआई जसवंत सिंह को गोली मारने के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया है। आरोपी हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। घटना के बाद एसएसपी ग्रामीण ने सख्त कार्रवाई करते हुए राजासांसी थाने के एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, फरार आरोपी की पहचान गांव झंझोटी निवासी करण के रूप में हुई है। बुधवार को पुलिस टीम आरोपी करण को हथियार बरामद करने के लिए मजीठा इलाके में लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी पुलिस पार्टी को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने तत्काल संज्ञान लिया और लापरवाही के आरोप में राजासांसी थाने के एक पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी करण की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
दरअसल, यह पूरा मामला 11 सितंबर की रात का है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस लाइन में तैनात एएसआई जसवंत सिंह मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। राजासांसी इलाके में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनका पीछा किया और उनके सिर पर गोली चला दी। गोली उनकी पगड़ी को भेदते हुए सिर को छूकर निकल गई, जिससे एएसआई जसवंत सिंह बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोट आई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी करण को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को उसका पांच दिन का रिमांड मिला था।
रिमांड के दौरान ही पुलिस हथियार की बरामदगी के लिए आरोपी को मजीठा ले गई थी, जहां से वह फरार हो गया।
पुलिस ने बताया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Source: IANS

