एशियन गेम्स 2026: शूटिंग से भारत की झोली में आया एक और मेडल,

नागोया, 24 सितंबर । एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटिंग टीम ने देश को एक और मेडल दिलाया है। परिनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह की जोड़ी ने स्कीट मिक्स्ड टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल को अपने नाम किया है।

हालांकि, भारत की इस जोड़ी से गोल्ड मेडल की उम्मीद जताई जा रही थी लेकिन उन्हें ब्रॉन्ज से ही संतोष करना पड़ा। उन्होंने फाइनल में 44 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया। चीन ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि साउथ कोरिया ने सिल्वर मेडल जीता। अनंत और परिनाज का यह इस एशियन गेम्स का दूसरा मेडल है। इससे पहले अनंत ने पुरुष स्कीट टीम और परिनाज ने महिला टीम को ब्रॉन्ज दिलाने में अहम भूमिका निभाई। यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का 15वां मेडल है। अनंत और परिनाज ने 138 का स्कोर बनाकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।

स्कीट स्पर्धा में भारत ने यह कुल तीसरा मेडल जीता है। इससे पहले, भारत की पुरुष स्कीट टीम ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया था। भवतेघ सिंह गिल, अनंतजीत सिंह नारुका और मैराज अहमद खान की तिकड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में 346 का स्कोर बनाकर ब्रॉन्ज जीता था। वहीं, महिला टीम इस स्पर्धा में देश को पहला मेडल दिलाया था, जहां परिनाज, राइजा और माहेश्वरी की तिकड़ी ने फाइनल में 331 के स्कोर के साथ भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया।

हालांकि, बुधवार को 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत के लिए मेडल की सबसे बड़ी उम्मीद मानी जा रहीं मनु भाकर फाइनल में पांचवें स्थान पर रही थीं और मेडल लाने से चूक गई थीं। इस स्पर्धा के टीम फाइनल में ईशा सिंह, मनु भाकर और सुरुचि इंदर सिंह की भारतीय तिकड़ी के लिए भी निराशाजनक अंत हुआ था।

भारत ने एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग का पहला मेडल महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में जीता, जहां इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्शा विनोद की तिकड़ी ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इलावेनिल ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए इसी स्पर्धा के व्यक्तिगत मुकाबले में भी सिल्वर मेडल हासिल किया।

पुरुष 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में हिमांशु ढिल्लों, पार्थ माने और रुद्राक्ष पाटिल ने भारत को एक और सिल्वर मेडल दिलाया। इसके बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में भी भारतीय निशानेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया, जहां हिमांशु ने सिल्वर और रुद्राक्ष ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश की पदक तालिका में और इजाफा किया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter