मुरैना: पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या, वारदात के बाद आरोपी ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान

मुरैना, 27 जून । मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में शनिवार को एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। सामने आया कि एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या की। इस वारदात के बाद आरोपी ने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इससे पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

मुरैना जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में यह घटना हुई। मृतकों की पहचान बलराम कुशवाहा, पत्नी रवीता, बेटे देवू और आरव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिला के पिता मलखान कुशवाहा ने बताया कि कुछ दिन पहले बलराम कुशवाहा के परिवार में भागवत कथा का आयोजन हुआ था। उसमें पूरा परिवार शामिल था। उनकी बेटी रवीता ने भी हिस्सा लिया था। वहां नाचने-गाने को लेकर बलराम कुशवाहा नाराज हुआ था और उसने रवीता के साथ मारपीट की थी।

आरोप है कि बलराम ने शराब के नशे में घर पहुंचकर पत्नी और दोनों बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और बाद में शिकारपुर फाटक के पास ट्रेन के नीचे आकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। मृतका के परिजनों के आरोपों के आधार पर भी जांच की जा रही है।

घटना की सूचना के बाद मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "पुलिस को शनिवार सुबह सूचना मिली थी कि किशनपुर गांव में एक घर के अंदर महिला और दो बच्चों का शव पड़ा है। पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची, जिन्होंने जांच पड़ताल की। बलराम का शव भी नजदीकी रेलवे ट्रैक के पास मिला है।"

एसपी धर्मराज मीणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला महिला के चरित्र से जुड़ा लग रहा है। इसी के चलते बलराज ने अपनी महिला की कुल्हाड़ी से हत्या की। बाद में सोते हुए दोनों बच्चों को कुल्हाड़ी से मारा। बाद में उसने रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या की। एसपी ने कहा कि फिलहाल, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement