जमशेदपुर की शांभवी तिवारी ने रचा इतिहास, ICSE 12वीं में 100% अंक हासिल कर देशभर में टॉप
झारखंड के जमशेदपुर की शांभवी तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उन्होंने देशभर में शीर्ष स्थान प्राप्त कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है।

जमशेदपुर, 30 अप्रैल। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) की आईएससी (12वीं) बोर्ड परीक्षा में झारखंड के जमशेदपुर की शांभवी तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उन्होंने देशभर में शीर्ष स्थान प्राप्त कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। हालांकि CISCE आधिकारिक रूप से टॉपर्स की सूची जारी नहीं करता।
शांभवी की इस उपलब्धि के बाद से उनके स्कूल सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल और परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और सहपाठियों ने मिठाइयां बांटकर उनकी सफलता का जश्न मनाया।
शांभवी के पिता राकेश रमन ऑल इंडिया रेडियो में प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव हैं, जबकि उनकी मां निभा सिन्हा सेंट मैरी इंग्लिश हाई स्कूल में पीजीटी केमिस्ट्री की शिक्षिका हैं।
परिवार के अनुसार, शांभवी ने अपनी पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी और प्रतिदिन लगभग 9 घंटे नियमित अध्ययन किया। स्कूल के दिनों में भी वह कक्षाओं के बाद अतिरिक्त समय देकर पढ़ाई करती थीं।
उनका लक्ष्य डॉक्टर बनना है और फिलहाल वह 3 मई को होने वाली NEET परीक्षा की तैयारी पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रही हैं। उन्होंने बोर्ड परीक्षा और मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के बीच बेहतर संतुलन बनाए रखा और लगातार मॉक टेस्ट के जरिए अपनी तैयारी को मजबूत किया।
परिवार का कहना है कि शांभवी बचपन से ही अनुशासित और आत्मनिर्भर रही हैं। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है।
शांभवी का संदेश है कि अनुशासन, नियमित अभ्यास और सोशल मीडिया जैसे भटकाव से दूरी बनाकर किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
Source: IANS

