तमिलनाडु : निर्देशक के. भाग्यराज के निधन पर मुख्यमंत्री विजय ने राजकीय सम्मान की घोषणा की

चेन्नई, 27 जून । बेहतरीन पटकथा लेखकों में से एक और मशहूर तमिल फिल्म निर्देशक व अभिनेता कृष्णस्वामी भाग्यराज (के. भाग्यराज) का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने दुख व्यक्त किया और उन्होंने पूरे राजकीय सम्मान के साथ के. भाग्यराज को आखिरी विदाई की घोषणा की।

मुख्यमंत्री विजय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में बताया कि भाग्यराज ने एक अभिनेता, पटकथा लेखक, संवाद लेखक और संगीत निर्देशक के तौर पर भी अपनी पहचान बनाई थी।

विजय ने की ओर से 'एक्स' पोस्ट में लिखा गया कि निर्देशक ने कहानी कहने के अपने अनोखे अंदाज, हास्य-विनोद से भरपूर अभिनय और ग्रामीण जीवनशैली व पारिवारिक रिश्तों से जुड़ी गहरी भावनाओं को दिखाने वाली अपनी फिल्मों के जरिए तमिल लोगों के दिलों में हमेशा के लिए जगह बना ली थी। उन्होंने लिखा कि तमिल फिल्म इंडस्ट्री में भाग्यराज का योगदान अतुलनीय है।

सीएम विजय ने कहा कि भाग्यराज की हर रचना हमेशा यादगार रहेगी; ये न केवल मनोरंजन करती रहेंगी, बल्कि मानवीय और सामाजिक मूल्यों पर भी जोर देंगी। उन्होंने कहा, "उनका निधन तमिल सिनेमा के लिए एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। मैं उनके शोक संतप्त परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों, प्रशंसकों और फिल्म जगत के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को ईश्वर के चरणों में शांति मिले।"

मुख्यमंत्री ने कहा, "फिल्म इंडस्ट्री में थिरु के. भाग्यराज के योगदान को देखते हुए और सम्मान के तौर पर, उनकी अंतिम यात्रा राजकीय सम्मान के साथ संपन्न होगी।"

अभिनेता के करीबी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह की सैर से लौटने के बाद भाग्यराज ने सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके निधन की खबर से पूरी तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement