सूबेदार से पहले वो शानदार फिल्में, जिसमें सौरभ शुक्ला और अनिल कपूर की जोड़ी ने मचाया धमाल

मुंबई, 9 मार्च। हिंदी सिनेमा में सपोर्टिंग रोल में अपनी अलग पहचान बनाने वाले मशहूर अभिनेता सौरभ शुक्ला शानदार कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने हालिया रिलीज फिल्म 'सूबेदार' में अर्जुन मौर्य (अनिल कपूर) के सबसे करीबी दोस्त प्रभाकर का रोल निभाया है।

प्रभाकर एक सिक्योरिटी एजेंसी चलाते हैं और फिल्म में अर्जुन के लिए एक सच्चे दोस्त और मार्गदर्शक हैं। सूबेदार को लेकर हर जगह तारीफ हो रही है। इसके अलावा, सौरभ और अनिल की जोड़ी की जमकर सराहना हर जगह की जा रही है, लेकिन ऐसा पहली बार नहीं है जब अनिल और सौरभ फिल्म में साथ नजर आ रहे हैं। दोनों ने पहले भी कई शानदार फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें ताल, नायक, स्लमडॉग मिलियनेयर समेत कई फिल्में शामिल हैं।

फिल्म सूबेदार में सौरभ ने अनिल के साथ दोबारा काम करके अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने सोमवार को इंस्टाग्राम पर अनिल के साथ पुरानी और हालिया रिलीज फिल्म सूबेदार की तस्वीरें शेयर कीं। इसके साथ सौरभ ने लिखा, "यह दोस्ती हमेशा याद रहने वाली है। क्या आपने सूबेदार अभी तक प्राइम वीडियो पर देखी है?"

साल 1999 में रिलीज हुई फिल्म ताल में अभिनेता अनिल कपूर ने 'विक्रांत कपूर' की भूमिका निभाई थी, तो सौरभ शुक्ला ने 'बनर्जी' का किरदार निभाया है, जो विक्रांत कपूर के सहयोगी के रूप में फिल्म में नजर आए थे।

एस. शंकर द्वारा निर्देशित पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म 'नायक' में अनिल कपूर ने शिवाजी राव गायकवाड़ के रूप में एक ईमानदार टीवी रिपोर्टर का रोल निभाया है, जो बाद में एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बनते हैं और व्यवस्था को बदलते हैं। सौरभ पांडुरंग नाम के गुंडे की भूमिका में नजर आए थे।

साल 2008 की ऑस्कर विजेता फिल्म में सौरभ शुक्ला ने एक 'हेड कांस्टेबल श्रीनिवास' का किरदार निभाया था, जो मुंबई के पुलिस स्टेशन में जमाल मलिक से पूछताछ के दौरान कहानी में हास्य और गंभीरता का संतुलन बनाते हैं। अनिल ने प्रेम कुमार नाम का किरदार निभाया था, जो फिल्म में शो का होस्ट बनता है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement