एक्शन, कॉमेडी, रोमांस और सस्पेंस... सिने लवर्स के लिए खास जून, सिनेमाघरों में रिलीज होंगी कई फिल्में

मुंबई, 2 जून । सिने लवर्स के लिए जून का महीना (2026) मनोरंजन का शानदार पैकेज लेकर आ रहा है। इस महीने बड़े पर्दे पर एक्शन, कॉमेडी, रोमांस, ड्रामा और सस्पेंस से भरपूर कई फिल्में रिलीज होने जा रही हैं। बॉलीवुड से लेकर दक्षिण भारतीय सिनेमा तक के बड़े सितारे अपनी नई फिल्मों के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं।

जून में हर वर्ग के दर्शकों के लिए कुछ न कुछ खास है। बड़े सितारों, नई कहानियों और अलग-अलग जॉनर की फिल्मों के साथ यह महीना सिनेमा प्रेमियों के लिए बेहद खास साबित हो सकता है।

महीने की शुरुआत राम चरण की मोस्टअवेटेड फिल्म 'पेड्डी' से होगी। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में राम चरण बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगे। फिल्म में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर भी नजर आएंगी।

इसके बाद 5 जून को अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी 'बंदर' रिलीज होगी। फिल्म में बॉबी देओल मुख्य भूमिका में हैं। हाल के वर्षों में बॉबी देओल ने अपने अभिनय से दर्शकों का खूब ध्यान खींचा है और इस फिल्म से भी उनसे काफी उम्मीदें हैं। अनुराग कश्यप की अलग तरह की कहानी कहने की शैली इस फिल्म को खास बना सकती है।

उसी दिन दर्शकों को कॉमेडी का तड़का भी मिलने वाला है। निर्देशक डेविड धवन की फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं। डेविड धवन लंबे समय से अपनी हल्की-फुल्की और फैमिली कॉमेडी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं और इस फिल्म से भी दर्शकों को भरपूर मनोरंजन की उम्मीद है।

12 जून को एक साथ कई बड़ी फिल्में रिलीज होंगी। इनमें सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है 'द गवर्नर'। विपुल अमृतलाल शाह के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारत के आर्थिक इतिहास के एक महत्वपूर्ण दौर पर आधारित है। फिल्म में मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

इसी दिन इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' भी रिलीज होगी। यह कहानी भारत विभाजन की पृष्ठभूमि में बुनी गई एक भावनात्मक प्रेम कथा है। फिल्म में वेदांग रैना, शरवरी और नसीरुद्दीन शाह महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। साथ ही दिलजीत दोसांझ भी फिल्म का अहम हिस्सा हैं।

रोमांस और दोस्ती की कहानी पसंद करने वाले दर्शकों के लिए 'कॉकटेल 2' 12 जून को रिलीज होगी। होमी अदजानिया की यह फिल्म उनकी लोकप्रिय फिल्म 'कॉकटेल' की थीम को आगे बढ़ाती नजर आएगी। शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की तिकड़ी पहली बार साथ दिखाई देगी।

महीने के अंत में 26 जून को अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' रिलीज होगी। कॉमेडी और एक्शन से भरपूर इस फिल्म में कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की यह नई पेशकश दर्शकों को हंसी और रोमांच का डबल डोज देने का दावा कर रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement