सोनम कपूर के जन्मदिन पर सास ने लुटाया प्यार, 'सुपरमॉम' बताकर दिया खास सम्मान

मुंबई, 9 जून । बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर मंगलवार को अपना 41वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही है। इस खास मौके पर उनकी सास प्रिया आहूजा ने एक बेहद प्यारा पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने सोनम को बहू नहीं, बल्कि 'सुपरमॉम' बताकर खास सम्मान दिया।

प्रिया आहूजा ने इंस्टाग्राम पर परिवार की कुछ अनदेखी प्यारी तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में सोनम कपूर अपने दोनों बेटों वायु और रुद्र के साथ नजर आ रही हैं। कहीं वह अपने बड़े बेटे वायु के साथ समय बिताती नजर आती हैं, तो कहीं वह अपने छोटे बेटे रुद्र को गोद में लिए दिखाई देती हैं।

पोस्ट में एक तस्वीर अस्पताल की भी है, जिसमें सोनम अपने नवजात बेटे को सीने से लगाए हुए नजर आ रही हैं।

ये तस्वीरें साझा करते हुए प्रिया आहूजा ने सोनम के लिए प्यार भरा कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, ''हमारी प्यारी सोनम को जन्मदिन की बधाई, वह हमारे परिवार की ऐसी सदस्य है, जो अपने प्यार और अपनेपन से पूरे घर को खुशियों से भर देती है। वह 'सुपरमॉम' है और हमारे प्यारे वायु और रुद्र की बहुत अच्छी तरह परवरिश कर रही हैं। इस बार का जन्मदिन और भी खास है, क्योंकि सोनम इसे अपने दोनों नन्हे बेटों के साथ मना रही हैं।''

अपने पोस्ट में प्रिया आहूजा ने कहा, ''दूसरी बार मां बनने के बाद जिस तरह सोनम अपने परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियां निभा रही हैं, उसे देखकर मुझे बहुत गर्व होता है। वह प्यार, धैर्य और मजबूती के साथ मातृत्व की इस नई यात्रा को आगे बढ़ा रही हैं। एक मां के रूप में उनका समर्पण और अपने बच्चों के प्रति उनका स्नेह परिवार के लिए गर्व की बात है।''

प्रिया ने आगे कहा, "मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि सोनम की जिंदगी हमेशा खुशियों, आशीर्वाद और सुंदर यादों से भरी रहे। वायु और रुद्र हमेशा अपनी मां के जीवन में हंसी और खुशियां लेकर आएं। जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, सोनम।"

सास के इस भावुक पोस्ट पर सोनम ने प्यार भरा जवाब दिया। उन्होंने कमेंट में लिखा, ''लव यू सो मच मॉम'

सोनम कपूर ने साल 2018 में कारोबारी आनंद आहूजा से शादी की थी। मुंबई में हुई इस शादी में फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं।

शादी के चार साल बाद अगस्त 2022 में सोनम और आनंद ने बेटे वायु का स्वागत किया। इसके बाद 29 मार्च, 2026 को दूसरे बेटे रुद्र का जन्म हुआ।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement