स्प्लिट्सविला के बाद फिर साथ दिखेंगे योगेश रावत और आकांक्षा चौधरी, 'लॉक अप: सच या सजा' में होगी नई शुरुआत

मुंबई, 25 जून । रियलिटी शो में बने रिश्ते शो खत्म होने के बाद भी चर्चा में बने रहते हैं। ऐसा ही एक नाम है योगेश रावत और आकांक्षा चौधरी का। दोनों की जोड़ी रियलिटी शो 'स्प्लिट्सविला' के 16वें सीजन के दौरान काफी सुर्खियों में रही थी। शो में उनकी नजदीकियों ने दर्शकों के बीच खूब चर्चा बटोरी थी। अब एक बार फिर यह जोड़ी नए रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' में साथ दिखाई देने जा रही है।

योगेश रावत और आकांक्षा चौधरी की पहली मुलाकात 'स्प्लिट्सविला' के दौरान हुई थी। शो में दोनों धीरे-धीरे एक-दूसरे के करीब आए। दर्शकों ने भी उनकी जोड़ी को काफी पसंद किया था। हालांकि, कहानी में बड़ा मोड़ तब आया, जब योगेश की एक्स-गर्लफ्रेंड रुरु की शो में एंट्री हुई। इसके बाद रिश्तों को लेकर कई सवाल उठने लगे और पूरे शो का माहौल बदल गया।

शो के फिनाले तक पहुंचते-पहुंचते विवाद और भी बढ़ गया। कई लोगों ने आरोप लगाया कि योगेश ने रुरु के साथ रिलेशनशिप में होने के बावजूद आकांक्षा के साथ नजदीकियां बढ़ाईं। इन आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी-अपनी राय दी।

अब 'लॉक अप: सच या सजा' में शामिल होने को लेकर योगेश रावत का कहना है कि दर्शकों को उनका असली रूप देखने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा, ''लोग जिस योगेश को पसंद करते हैं, वही व्यक्तित्व इस नए शो में भी दिखाई देगा। यह मंच मुझे खुद को बेहतर तरीके से लोगों के सामने रखने का अवसर देगा।''

वहीं आकांक्षा चौधरी ने भी शो में शामिल होने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा, ''अभी भी बहुत से ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब फैंस जानना चाहते हैं। यह नया शो मुझे अपनी बात खुलकर रखने और अपने पक्ष को सामने रखने का मौका देगा। इस मंच का हिस्सा बनना मेरे लिए खास है और मैं इसे अपने करियर का एक महत्वपूर्ण अवसर मानती हूं।''

योगेश और आकांक्षा की एंट्री का खुलासा शो के पूर्व विजेता और लोकप्रिय कलाकार मुनव्वर फारूकी ने किया। नेटफ्लिक्स इंडिया ने यूट्यूब पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें मुनव्वर नए 'लॉक अप' के अंदर दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह मजाकिया अंदाज में कहते हैं, ''मेरा और इस जेल का रिश्ता ऐसा है कि हम दोनों ज्यादा समय तक एक-दूसरे से दूर नहीं रह सकते।''

इसके बाद वह शो के नए सेट को एक्सप्लोर करते हैं और दर्शकों को जेलर का कमरा, कंटेस्टेंट्स के रहने की जगह, कैदियों के कमरे और शो के कई नए हिस्सों की झलक दिखाई गई है। इसी दौरान एक रहस्यमयी नेकबैंड लॉक भी नजर आता है, जिसे पहनने पर अलार्म बजता है। वीडियो के आखिर में योगेश रावत और आकांक्षा चौधरी की एंट्री की घोषणा की जाती है।

इस शो में योगेश और आकांक्षा के अलावा, राम कपूर, पामेला सेरेना, और शिवांगी जोशी जैसे नाम शामिल हैं।

'लॉक अप: सच या सजा' की शुरुआत 27 जून से होगी और यह शो नेटफ्लिक्स पर प्रसारित किया जाएगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement