चंडीगढ़: भाजपा कार्यालय के बाहर हुए धमाके पर बयानबाजी तेज, कड़ी कार्रवाई की मांग

चंडीगढ़, 1 अप्रैल। चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर हुए धमाके को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। सभी राजनीतिक दलों के नेता इस धमाके की निंदा कर रहे हैं और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। 

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पहले पंजाब में पुलिस थानों पर लगातार ग्रेनेड हमले हुए। फिर हाल ही में होशियारपुर में बाबासाहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा को विरूपित किया गया और आज चंडीगढ़ में भाजपा के राज्य स्तरीय कार्यालय पर हमला हुआ। घटनाओं की यह श्रृंखला राज्य की सांप्रदायिक सद्भाव को भंग करने के प्रयासों की ओर इशारा करती है।

उन्होंने आगे लिखा कि साथ ही, इस सीमावर्ती राज्य की सरकार इन हमलों को रोकने में असफल रही है। परिणामस्वरूप, पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था अब चंडीगढ़ को भी प्रभावित करने लगी है। हालांकि, अलगाववादी ताकतें चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, वे पंजाब की एकता को तोड़ नहीं पाएंगी।

शिरोमणि अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर हुए विस्फोट की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा है। इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक अपुष्ट वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति कथित तौर पर इमारत पर विस्फोटक फेंकता दिख रहा है। यह इमारत पंजाब भाजपा कार्यालय जैसी लग रही है। चंडीगढ़ एसएसपी कंवरदीप कौर को इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि करनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि मैं अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि वे मामले की त्वरित और गहन जांच करें और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने एक्स पर लिखा कि चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर हुए बम विस्फोट के बारे में सुनकर चिंता हुई। शुक्र है, कोई घायल नहीं हुआ। यह घटना गंभीर चिंता का विषय है और अब समय आ गया है कि भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी दोनों यह सुनिश्चित करें कि चंडीगढ़ और पूरे पंजाब में सुरक्षा से कोई समझौता न हो। जन सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement