राहुल गांधी को परिपक्व होने में समय लगेगा: विश्वास सारंग

भोपाल, 3 सितंबर । मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वो स्क्रिप्टेड भाषण देते हैं। वो दूसरों के मार्गदर्शन पर ही काम करते हैं। अभी उन्हें परिपक्व होने में समय लगेगा।

उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि अब वो यहां क्यों आ रहे हैं? इस बारे में वही बता सकते हैं। वो बार-बार अपने कार्यक्रम की तारीख में बदलाव कर रहे हैं। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि उनकी तैयारी पूरी नहीं है। आज की तारीख में सच्चाई यह है कि राहुल गांधी के पक्ष में कोई नहीं है। वो हर बार ऐसे मुद्दों को उठाते हैं, जिनका कोई मतलब नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हमारे सीएम मोहन यादव के नेतृत्व में सहकारिता में नवाचार हो रहा है। अब हम किसानों को ऋण मुहैया कराने के लिए केसीसी ऑनलाइन प्रदान करेंगे। अब किसी किसान को हमारे सहकारिता विभाग में चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। वो कंप्यूटर से केसीसी के माध्यम से भी ऋण ले सकेंगे। साथ ही, हम रबी और खरीफ का ऋण भी साथ देंगे। यह एक बहुत बड़ी पहल है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से कमर्शियल बैंक से किसानों को रबी और खरीफ का ऋण एक साथ मिलता है, ठीक वैसे ही व्यवस्था हम यहां पर भी लागू करने जा रहे हैं। अब बार-बार देय तिथि की झंझट में किसानों को नहीं फंसना होगा। हम किसानों के लिए कवच योजना भी लेकर आए हैं। अगर सोसायटी में अधिकारियों की ओर से कोई घपला किया जाता है, तो उसका असर किसानों पर नहीं पड़ेगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि किसानों के हितों पर किसी भी प्रकार का कुठाराघात न हो। हम सुनिश्चित करेंगे कि किसान डिफॉल्टर न बनें। किसान और खेती हमारी प्राथमिकता है। हम इस दिशा में काम कर रहे हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter