तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर, शुरुआती रुझानों में टीवीके 'विजय' की ओर, सत्तारूढ़ डीएमके तीसरे नंबर पर

चेन्नई, 4 मई । तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों ने बड़ा राजनीतिक उलटफेर के संकेत दिए हैं। सुबह 10 बजे तक के रुझानों में अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी 'तमिलगा वेट्री कझगम' (टीवीके) ने जबरदस्त बढ़त हासिल की है। वहीं, सत्तारूढ़ एमडीके शुरुआती रुझानों में एडीएमके से भी नीचे खिसक गई है।

भारतीय निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक के रुझानों में विजय की पार्टी टीवीके 62 विधानसभा सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा की सहयोगी एडीएमके दूसरे नंबर पर है, जिसने अब तक 51 सीटों पर बढ़त हासिल की है। एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके सिर्फ 27 सीटों पर आगे चल रही है।

तमिलनाडु में सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई। पहले आधे घंटे पोस्टल बैलेट के वोट गिने गए और फिर 8.30 बजे से ईवीएम से गिनती शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में बढ़त के बीच टीवीके के चुनाव प्रचार प्रबंधन महासचिव आधव अर्जुन लोयोला कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पहुंचे और जीत का निशान दिखाने के बाद अंदर चले गए।

मतगणना के बीच डीएमकी की पूर्व सांसद कनिमोझी एनवीएन सोमू ने कहा, "हम बस अंतिम नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि असल में क्या होने वाला है।"

234 सीटों वाली विधानसभा के लिए चुनाव 23 अप्रैल को एक ही चरण में हुए थे। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के अनुसार, कुल 4.8 करोड़ वोट डाले गए और मतदान प्रतिशत 85.1 प्रतिशत रहा। तमिलनाडु में पिछले चार विधानसभा चुनावों में पहली बार 2026 में मतदाताओं में महिलाओं की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से अधिक रही है।

सोमवार को डाक मतपत्रों समेत सभी 75,064 मतदान केंद्रों के वोटों की गिनती पूरे राज्य में 62 निर्धारित मतगणना केंद्रों पर हो रही है। लगभग 1.25 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और मतगणना केंद्रों व हॉलों में प्रवेश की अनुमति प्राप्त सभी अधिकारियों और पर्यवेक्षकों के लिए क्यूआर कोड-आधारित फोटो पहचान पत्र अनिवार्य हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement