दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में लगी आग, 8 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

नई दिल्ली, 7 जून । दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में रविवार को एक रिहायशी इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर इमारत में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

फायर विभाग के अनुसार, दोपहर करीब 3:38 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। आग न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित सी-600 नंबर की बिल्डिंग के ऊपरी ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट और उससे जुड़े घरेलू सामान को माना जा रहा है।

स्टेशन ऑफिसर फूल सिंह मीना ने बताया कि जब दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे तो पूरी इमारत धुएं से भरी हुई थी और कई लोग अंदर फंसे हुए थे। स्थिति को देखते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों की मदद से दूसरी और तीसरी मंजिल पर फंसे लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा।

बचाव अभियान के दौरान कुल आठ लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिनमें चार बच्चे, दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई। सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

फायर विभाग के अधिकारी राज कुमार ने बताया कि जब टीम मौके पर पहुंची तो ग्राउंड फ्लोर पर दो बच्चे और दो बड़े मौजूद थे, जबकि तीसरी मंजिल पर भी दो बच्चे और दो वयस्क फंसे हुए थे। सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। हालांकि, घर के अंदर मौजूद दो कुत्तों को बचाया नहीं जा सका।

दमकल विभाग ने बताया कि आग पर चार फायर टेंडरों की मदद से काबू पाया गया। जिस इमारत में आग लगी, उसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, अपर ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर तीन मंजिलें हैं। भवन का कुल क्षेत्रफल लगभग 300 वर्ग गज बताया गया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement