'अमेरिका और चीन कांग्रेस को स्पॉन्सर कर रहे', भाजपा नेता ने सीजेपी पर

हैदराबाद, 5 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) को कथित रूप से विदेशी फंडिंग मिलने का दावा किया है। भाजपा की तेलंगाना इकाई के नेता मनमीत सिंह मदान ने सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास की दिवाली पार्टी पर सवाल उठाए हैं। साथ ही, उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है कि अमेरिका और चीन कांग्रेस को स्पॉन्सर कर रहे हैं।

भाजपा नेता मनमीत सिंह मदान ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "सब जानते हैं कि विदेशी फंडिंग कहां से आ रही है। दिल्ली में जो विरोध प्रदर्शन हुए, तो सबको पता है कि फंडिंग कहां से आ रही है। ये लोग एफसीआरए (विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम) बिल को पास क्यों नहीं होने देना चाहते? जब संसद में एफसीआरए बिल पास हो जाएगा, तो इन्हें अपनी विदेशी फंडिंग का हिसाब देना पड़ेगा कि वे यह पैसा कहां खर्च कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "इन्हें (विरोधी दल) विदेशी फंडिंग के जरिए करोड़ों रुपए मिल रहे हैं। हमने देखा कि किस तरह सौरभ दास ने दिवाली पार्टी दी। जैसे ही उनका विरोध-प्रदर्शन खत्म हुआ, कई बड़े पत्रकार उनके घर जाकर पार्टी कर रहे हैं। दिवाली के मौके पर वे यह पार्टी दे रहे हैं और कई बड़े पत्रकार वहां जाकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं। अगर विदेशी फंडिंग नहीं आ रही है, तो फिर यह पार्टी किस पैसे से हो रही है?"

मनमीत सिंह ने आगे कहा, "कोर्ट ने सौरभ दास से उनके पिता का नाम बताने और सारी जानकारी देने को कहा है, लेकिन वे ये जानकारी नहीं दे रहे हैं। इसलिए हर कोई जानता है कि अमेरिका और चीन कांग्रेस को स्पॉन्सर कर रहे हैं।"

इसी बीच, भाजपा नेता ने अमेरिका के मिशिगन में जीते अब्दुल को लेकर असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "कोई विधायक जीतता है, चाहे वह यूपी से जीते या तेलंगाना से, हमें किसी मुस्लिम विधायक या सांसद के बनने से कोई आपत्ति नहीं है। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से भी कई मुस्लिम विधायक और सांसद रहे हैं, जैसे शाहनवाज हुसैन। लेकिन ये लोग क्या जताना चाहते हैं? क्या ये चाहते हैं कि मुगलों का शासन वापस आ जाए? ऐसा बिल्कुल संभव नहीं है।"

वहीं, मनमीत सिंह ने आरोप लगाया कि आज भारत में असदुद्दीन ओवैसी वक्फ की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "भारत सनातनी धर्म का पालन करेगा। यहां सब कुछ पूरी तरह से हिंदुस्तानी होने के नाते ही चलेगा। असदुद्दीन ओवैसी अच्छी तरह जानते हैं कि ये लोग वक्फ के नाम पर कितनी जमीनों पर कब्जा करते हैं। इनके पास कागजात नहीं है और अभी दो दिन पहले एक जमीन के वक्फ की संपत्ति होने का दावा किया। ओवैसी का अपना घर भी वक्फ की जमीन पर बना है। पहले उन्हें इस बात का जवाब देना चाहिए।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter