दिल्ली-NCR में ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक, 15 डिग्री तक गिरेगा तापमान
दिल्ली-NCR में ठंड बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण ने भी चिंता बढ़ा दी है। कई इलाकों में AQI बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान 15 डिग्री तक गिरने की संभावना है।
नई दिल्ली, 9 नवंबर । दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड के चलते अब सुबह-शाम हल्की धुंध और कोहरे का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच सकता है, जिससे ठंड में और इजाफा होगा। साथ ही, वातावरण में भारी कोहरा छाने की संभावना है, जो प्रदूषण के स्तर को और अधिक गंभीर बना सकता है।
दीपावली के अगले दिन से ही दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता (एक्यूआई) में काफी उछाल देखने को मिल रहा है। सुबह के समय दिल्ली समेत कई इलाकों में एक्यूआई 400 के आंकड़े के काफी करीब दर्ज किया गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) पर उपलब्ध ताजा आंकड़ों की मानें तो दिल्ली के कई इलाकों की हवा 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच चुकी है।
दिल्ली के प्रमुख इलाकों की बात करें तो बवाना में एक्यूआई 424, बुराड़ी क्रॉसिंग में 437, चांदनी चौक में 416, आया नगर में 391, वेद विहार में 387, और बुराड़ी में 379 दर्ज किया गया है। इसके अलावा बदरपुर में 362, आनंद विहार में 331, अशोक विहार में 327 और कैंटोनमेंट एरिया में 291 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया है।
एनसीआर के अन्य शहर भी इस प्रदूषण की चपेट में हैं। नोएडा के सेक्टर-62 में एक्यूआई 433 तक पहुंच गया है, जो कि बेहद चिंताजनक है। सेक्टर-110 में 362, सेक्टर-150 में 338, सेक्टर-1 में 332, सेक्टर-39 में 324, सेक्टर-125 में 308 और सेक्टर-116 में 285 एक्यूआई दर्ज किया गया।
वहीं, गाजियाबाद की स्थिति और भी भयावह होती जा रही है। न्यू तहसील-लोनी में एक्यूआई 452 के खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। वेद विहार-लोनी में 387, वेव सिटी में 381, लोनी में 365, गोविंदपुरम में 349, संजय नगर में 346, इंदिरापुरम में 318 और वसुंधरा में 295 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, 9 और 10 नवंबर को शहर में मध्यम स्तर का कोहरा रहने की संभावना है। इन दिनों अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री के बीच रह सकता है। हवा में नमी (ह्यूमिडिटी) की मात्रा सुबह के समय 95 प्रतिशत तक पहुंच रही है, जो कोहरे को और गाढ़ा बनाती है।
11 नवंबर से 14 नवंबर तक मौसम 'हल्की धुंध वाला रहेगा, लेकिन तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी। 14 नवंबर तक अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। धुंध और प्रदूषण के इस जहरीले मिश्रण ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। सांस के मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह मौसम काफी नुकसानदायक साबित हो सकता है। प्रशासन की ओर से भी ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रेप) के तहत कड़े कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि प्रदूषण के स्तर को कम किया जा सके।
Source: IANS