भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से सभी के घर अन्न-धन से परिपूर्ण रहें, गोवर्धन पूजा की रक्षा मंत्री सहित नेताओं ने दी शुभकामनाएं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने गोवर्धन पूजा पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है।
नई दिल्ली, 10 नवंबर । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने गोवर्धन पूजा पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट किया, "गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ा यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, अन्न के महत्व और गौसेवा के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। यह अवसर कृतज्ञता, सामूहिकता और लोककल्याण के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा भी देता है। भगवान श्रीकृष्ण की कृपा और उनका आशीर्वाद सभी देशवासियों पर सदैव बना रहे। हमारा देश सुख, समृद्धि, सद्भाव और निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित करे। जय श्रीकृष्ण!"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा, "समस्त देशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।"
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर लिखा, "गोवर्धनधराधार गोकुलत्राणकारक। विष्णुबाहुकृतोच्छ्राय गवां कोटिप्रदो भव॥ गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर गोकुल वासियों की रक्षा की और प्रकृति, गौवंश तथा अन्न के प्रति कृतज्ञता का संदेश दिया। अन्नकूट का यह पर्व हमें धरती माँ, प्रकृति और अन्नदाता किसानों के प्रति सम्मान एवं आभार का भाव रखने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से सभी के घर अन्न-धन से परिपूर्ण रहें।"
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट में कहा, "गौरक्षा के प्रतीक, पावन पर्व गोवर्धन पूजा की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।"
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट किया, "समस्त प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमारी समृद्ध लोक परंपराओं और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक यह पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण, गौ-संवर्धन और प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलने का संदेश देता है। यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता लेकर आए, भगवान श्रीकृष्ण से यही प्रार्थना है।"
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पोस्ट में कहा, "गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। सनातन संस्कृति में गोवर्धन पूजा प्रकृति, पर्यावरण, गौवंश और हमारी कृषि परंपरा के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा का संदेश देकर हमें प्रकृति और गौमाता के संरक्षण का महत्व समझाया। गौमाता हमारी आस्था, संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न हिस्सा हैं। उनकी सेवा, सुरक्षा और संरक्षण केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संकल्प भी है। हमारी निरंतर कोशिश है कि गौमाता को सुरक्षित, सम्मानजनक और संरक्षित वातावरण मिले। आइए, इस पावन पर्व पर प्रकृति, गौवंश और अपनी सनातन परंपराओं के संरक्षण का संकल्प लें।"
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर लिखा, "समस्त प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा एवं छत्तीसगढ़ के लोकपर्व गौरा-गौरी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश देती है, वहीं गौरा-गौरी पर्व हमारी समृद्ध लोकपरंपरा, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण एवं गौरा-गौरी से प्रार्थना है कि प्रदेश के खेत-खलिहान धन-धान्य से भरे रहें और हर परिवार के जीवन में सुख, शांति एवं खुशहाली बनी रहे।"
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने एक्स पोस्ट में कहा, "श्रीकृष्ण की भक्ति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के भाव से सजे गोवर्धन पूजा पर्व पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।"
Source: IANS