पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच

चंडीगढ़, 17 अप्रैल। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर छापेमारी की। सुबह-सुबह लुधियाना में उनके घर में ईडी की टीम पहुंची और बाहर केंद्रीय पुलिस बल को तैनात किया गया है। मंत्री संजीव अरोड़ा के सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि उनके कुछ अन्य ठिकानों पर भी एक साथ तलाशी ली गई। 

सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पुराने मामले और कुछ जमीन सौदों में कथित अनियमितताओं के शक के आधार पर की जा रही है। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी तक ईडी की तरफ से विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन जांच को लेकर कई तरह की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में तेज हो गई हैं।

इस पर आम आदमी पार्टी की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया आई है। 'आप' के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "ईडी ने अब पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के यहां छापा मारा है। यह एक साफ पैटर्न है। भाजपा किसी भी राज्य चुनाव की तैयारी इसी तरह शुरू करती है।"

वहीं पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी इस कार्रवाई पर कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "तीन दिन में पंजाब में आम आदमी पार्टी के खिलाफ ईडी की ये दूसरी रेड है। अब पंजाब केबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के यहां ईडी ने रेड की है। केंद्र सरकार ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी हैं। अब ये लोकतांत्रिक व्यवस्था का दिखावा भी नहीं कर रहे, तानाशाही डिक्लेयर कर दी है। पश्चिम बंगाल में जो ईडी के साथ होता है वो सही ही होता है फिर तो।"

इससे पहले 15 अप्रैल को भी ईडी ने आम आदमी पार्टी से जुड़े राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल और उनके परिवार से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान गुरुग्राम, पंजाब और जालंधर समेत कई जगहों पर एक साथ कार्रवाई की गई थी। जांच कथित तौर पर फंड से जुड़े मामलों और यूनिवर्सिटी से संबंधित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर की जा रही थी।

Source: IANS

Advertisement

Get Newsletter