रांची से दिल्ली के लिए उड़ा एयर एंबुलेंस चतरा में क्रैश, सात लोगों की मौत, कोलकाता एटीसी से किया था संपर्क

रांची/चतरा, 23 फरवरी। झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली जा रही रेड बर्ड एविएशन की एक एयर एंबुलेंस सोमवार की देर शाम चतरा जिले में क्रैश हो गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हादसे में विमान पर सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई है। यह एयर एंबुलेंस रांची के 41 वर्षीय संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रही थी। वे आग की घटना में गंभीर रूप से झुलस गए थे और देवकमल हॉस्पिटल में भर्ती थे।

विमान में मरीज संजय कुमार के अलावा पायलट विवेक विकास भगत और सबराजदीप सिंह, मरीज के परिजन अर्चना देवी और ध्रुव कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता, और नर्स सचिन कुमार मिश्रा सवार थे।

डीजीसीए के अनुसार, इस एयर एंबुलेंस ने रांची से दिल्ली के लिए शाम 7.11 पर उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान, शाम 7.34 बजे, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से उसका संपर्क अचानक से टूट गया। इसके बाद विमानन अधिकारियों ने तत्काल हाई अलर्ट जारी कर दिया।

बताया जा रहा है कि विमान चतरा जिला के सिमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत करमाटांड़ गांव के पास स्थित जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। स्थानीय लोगों ने जंगल की ओर तेज आवाज सुनने और धुएं का गुबार उठते देखने की सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हुई।

संपर्क टूटने के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। रडार डेटा और विमान की अंतिम लोकेशन के आधार पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और आपदा प्रबंधन की टीमें संयुक्त रूप से अभियान में जुटी हैं। सूत्रों के अनुसार, ईडी सीएपी (इमरजेंसी डेटा सेंट्रलाइज्ड एक्शन प्लान) पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहा है।

दुर्घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने आएगी। चतरा के एसपी ने घटना की पुष्टि की है।

डीजीसीए ने एक बयान जारी कर कहा कि रेड बर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट सी90 विमान रांची-दिल्ली मार्ग पर एयर एम्बुलेंस के तौर पर उड़ान संचालित कर रहा था। यह विमान झारखंड के चतरा जिले की कसरिया पंचायत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो चालक दल के सदस्यों सहित सात लोग सवार थे।

विमान ने भारतीय समयानुसार 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी। कोलकाता से संपर्क स्थापित करने के बाद विमान ने खराब मौसम के कारण मार्ग परिवर्तन का अनुरोध किया। भारतीय समयानुसार 7:34 बजे विमान का कोलकाता से लगभग 100 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में संचार और रडार संपर्क टूट गया।

जिला प्रशासन की खोज एवं बचाव टीम घटनास्थल पर मौजूद है और जांच के लिए एएआईबी टीम को भेजा जा रहा है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement