नीट यूजी पेपर लीक मामला : मनीषा हवलदार की सीबीआई कस्टडी दो दिन बढ़ी, मनीषा मांढरे को न्यायिक हिरासत में भेजा

नई दिल्ली, 30 मई । नीट यूजी 2026 पेपर लीक घोटाले में सीबीआई की जांच तेज हो गई है। राउज एवेन्यू कोर्ट में शनिवार को सीबीआई ने दो प्रमुख आरोपियों मनीषा हवलदार और मनीषा मांढरे को पेश किया। सीबीआई कस्टडी खत्म होने के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया।

कोर्ट ने मनीषा हवलदार की सीबीआई कस्टडी 2 दिन और बढ़ा दी है जबकि मनीषा मांढरे को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सीबीआई ने कोर्ट को बताया कि मनीषा हवलदार का अन्य आरोपियों और कुछ उम्मीदवारों से आमना-सामना बाकी है। जांच एजेंसी ने कहा कि पेपर लीक साजिश में कितने उम्मीदवार शामिल थे और कितने अभ्यर्थियों को पेपर उपलब्ध कराया गया, इसकी जानकारी हासिल करने के लिए हवलदार की कस्टडी जरूरी है।

सीबीआई ने कोर्ट को अवगत कराया कि फिलहाल मनीषा हवलदार सहित कुल तीन आरोपी हिरासत में हैं। एजेंसी ने आगे की पूछताछ के लिए हवलदार की कस्टडी बढ़ाने की मांग की थी।

मनीषा हवलदार के वकील ने रिमांड बढ़ाने का पुरजोर विरोध किया। वकील ने तर्क दिया कि मुवक्किल पहले ही सीबीआई को सारी जानकारी दे चुकी है और अब रिमांड बढ़ाने का कोई आधार नहीं है। इसके बावजूद कोर्ट ने सीबीआई की मांग को स्वीकार करते हुए 2 दिन की अतिरिक्त कस्टडी दे दी।

कोर्ट ने सीबीआई से पूछा कि फिलहाल कितने लोग हिरासत में हैं, जिस पर सीबीआई ने बताया कि मनीषा हवलदार को मिलाकर कुल 3 आरोपी हिरासत में हैं। सीबीआई ने कहा कि सह-आरोपियों के अलावा कुछ उम्मीदवारों से भी आमना-सामना बाकी है, इसलिए हवलदार की कस्टडी जरूरी है।

नीट यूजी 2026 परीक्षा पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई कर रही है। इस घोटाले में देशभर के कई राज्यों से आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सीबीआई का मानना है कि यह एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसमें कई मध्यस्थ और उम्मीदवार शामिल थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement