2027 के विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद सपा को सैफई जाना होगा : केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए जीत हासिल करेगा और समाजवादी पार्टी के पास सैफई जाने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं होगा।
कानपुर, 2 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए जीत हासिल करेगा और समाजवादी पार्टी के पास सैफई जाने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं होगा।
डिप्टी सीएम ने कानपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि अखिलेश यादव का पीडीए फर्जी है, उनका पीडीए परिवार डेवलपमेंट एजेंसी है। उनका पीडीए गुंडों, अपराधियों, माफियाओं, दंगाइयों का संरक्षण करने वाला है।
उन्होंने कहा कि पीडीए की आड़ में अखिलेश यादव साजिश रच रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिलेगी। जब 2027 के लिए मतदान होगा और उसका रिजल्ट आएगा तो समाजवादी पार्टी सैफई की ओर प्रस्थान करती नजर आएगी।
सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के आंदोलन पर डिप्टी सीएम ने कहा कि चुनाव आयोग ने जो कार्य किया है, वह ऐतिहासिक है। भारतीय जनता पार्टी एसआईआर का समर्थन करती है, जो घुसपैठिए भारत में यहां की मतदाता सूची में तुष्टीकरण करने वाले दलों की राजनीति के कारण आ गए थे। एसआईआर के कारण वह मतदाता सूची से बाहर हुए हैं, इसलिए सबसे ज्यादा दर्द कांग्रेस और उनके साथ जो दल हैं, उनको हो रहा है। लेकिन मैं इतना जरूर कह दे रहा हूं कि चुनाव निष्पक्ष हों, यह हमारी प्राथमिकता है, मतदाता सूची सही हो, यह हमारी पार्टी की प्राथमिकता है, और कांग्रेस केवल ढोंग कर रही है।
उन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि 2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में बनने जा रही है। समाजवादी पार्टी, 2027 तो छोड़िए 2047 तक जब तक विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश नहीं बन जाएगा तब तक सत्ता में नहीं आने वाली है।
मंत्री जयवीर सिंह ने इंडिया गठबंधन पर कहा कि कोई गठबंधन नहीं है, अपने-अपने स्वार्थ की बात है। इंडिया गठबंधन के जो भी घटक हैं, कांग्रेस हो या सपा हो या विभिन्न अन्य दल, उनको देश की जनता ने नकारने का काम किया है। अपने-अपने प्रांतों की बात करें या लोकसभा के चुनाव की बात करें, देश ने उन्हें नकारा है, प्रदेशों ने उन्हें नकारा है।
उन्होंने सपा के भाजपा विधायकों के संपर्क वाले दावे पर कहा कि भाजपा का कुनबा, भाजपा की पूरी ताकत, भाजपा के विधायक एकजुटता के साथ खड़े हैं और पुनः तीसरी बार उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का काम करेंगे।
Source: IANS