देश पार्टी से ऊपर, अग्निवीरों पर फैसला उसी सोच का परिणाम : पुष्कर

देहरादून, 5 नवंबर । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीरों के कार्यकाल बढ़ाए जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से हमारे जवान अधिक समय तक देश की सेवा करेंगे।

देहरादून में मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम धामी ने कहा कि हम इस ऐतिहासिक फैसले के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हैं। अब अग्निवीरों को सेवा में दो साल का अतिरिक्त विस्तार मिलेगा। प्रधानमंत्री की मूल सोच हमेशा यही रही है कि देश पार्टी से ऊपर है और पार्टी व्यक्ति से ऊपर।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनका आना हमारे प्रदेश के लिए हमेशा से लाभदायक रहा है। वे जब भी आते हैं तो ढेर सारी सौगातें लाते हैं। पीएम मोदी और अमित शाह का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है। धामी ने कहा कि अमित शाह प्रदेश में आयोजित दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे 26वां राज्य स्थापना दिवस के संदर्भ में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

उन्होंने कहा कि अमित शाह के मार्गदर्शन में हमारी सरकार ने यूसीसी को लागू किया। नई बसों के संचालन का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं, आज जो 59 बसें जनता को समर्पित की गई हैं, वे बीएस-6 स्टैंडर्ड मॉडल की हैं। ये प्रदूषण-मुक्त हैं, जो राज्य को पूरी तरह से प्रदूषण-मुक्त बनाने के हमारे विजन के अनुरूप हैं। अपनी विकास दर और अर्थव्यवस्था को बढ़ाने के साथ-साथ एक स्वस्थ पर्यावरण बनाए रखना भी जरूरी है। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखना आवश्यक है। हमें विकास की जरूरत है, लेकिन साथ ही हमें अपने पर्यावरण की भी रक्षा करनी है, इसलिए इन बसों को शुरू किया गया है। इन नई बसों के संचालन से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ता मिलेगी तथा आमजन को सुरक्षित, सुगम, सुलभ एवं सुविधाजनक यातायात सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही प्रदेश के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा।

दीपावली से पहले बच्चों के साथ हुई बातचीत को सीएम धामी ने दिल की बात बताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बच्चों के साथ संवाद कर उन्हें पीएम मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में आज के बच्चे और युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनकी नई सोच, रचनात्मकता, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने के समान अवसर मिले और उनकी प्रतिभा को नई उड़ान मिले। इसी भावना के साथ हम ‘विकल्प रहित संकल्प’ लेकर विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter