ओवैसी बोले-योगी का बुलडोजर नहीं, बाबा साहेब का संविधान देगा इंसाफ; चंद्रशेखर ने किया सत्ता परिवर्तन का ऐलान
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में संयुक्त महारैली कर चुनावी बिगुल फूंका।
लखनऊ, 26 नवंबर । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में संयुक्त महारैली कर चुनावी बिगुल फूंका। सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की इस रैली में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया। गठबंधन ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
ओवैसी ने कहा कि गरीबों और कमजोरों के अधिकारों की बात करना अगर किसी को भड़काऊ भाषण लगता है तो वह ऐसी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने अजमल कसाब का जिक्र करते हुए कहा कि जब उसे सजा दी गई तो मुंबई के मुसलमानों ने भी कहा था कि उसे भारत की जमीन पर दफन नहीं किया जाना चाहिए। इसके बावजूद मुसलमानों से बार-बार सवाल किए जाते हैं।
चंद्रशेखर आजाद के साथ अपनी राजनीतिक साझेदारी पर ओवैसी ने कहा कि लोग उनसे पूछते हैं कि उन्हें चंद्रशेखर आजाद क्यों पसंद हैं। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा कि जिस पर दिल आ गया, उस पर क्या कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों के दिल मिल चुके हैं और अब इस एकजुटता को जमीन पर उतारना है।
वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश से भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि जनता के पास इतनी ताकत है कि वह अपने वोट से किसी को भी सत्ता की कुर्सी पर बैठा सकती है और किसी को जमीन पर ला सकती है। अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि निर्दोष होने के बावजूद उन्हें 16 महीने जेल में रहना पड़ा। जेल में कई तरह की यातनाएं झेलनी पड़ीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी रीढ़ की हड्डी तीन जगह से तोड़ दी गई और उन्हें मरा हुआ समझकर फेंक दिया गया। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कभी जुल्म के सामने पीठ नहीं दिखाई और हमेशा पीड़ितों की आवाज उठाई। चंद्रशेखर ने कहा कि उनके पिता प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे और उनकी मां ने परिवार के पालन-पोषण में सहयोग किया। उत्तर प्रदेश की करोड़ों महिलाएं खेतों में मेहनत करके अपने बच्चों को पालती हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति का मकसद महलों में रहना या ऐशोआराम की जिंदगी जीना नहीं बल्कि ऐसे परिवारों के अधिकारों के लिए संघर्ष करना है। उन्होंने रैली में पहुंचे लोगों का आभार जताते हुए कहा कि अगर उनके लिए खून का एक-एक कतरा भी कुर्बान करना पड़े तो वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा गरीबों, कमजोरों, किसानों, मजदूरों और वंचितों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगा।
Source: IANS