एशिया कप राइजिंग स्टार्स: सेमीफाइनल में भारत-ए ने टॉस जीतकर चुनी

दोहा, 26 नवंबर । एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भारत-ए की भिड़ंत श्रीलंका-ए के साथ हो रही है। भारतीय टीम के कप्तान तिलक वर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।

भारत की ओर से इस मुकाबले में तनुश कोटियन अपना डेब्यू कर रहे हैं। तनुश को स्पिन गेंदबाजी कोच सुनील जोशी ने डेब्यू कैप थमाई। भारतीय टीम का प्रदर्शन अब तक टूर्नामेंट में शानदार रहा है। नेपाल के खिलाफ भारत-ए ने 306 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा था।

यूएई के खिलाफ आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम ने 250 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 14.2 ओवर में चेज किया था। वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 53 गेंदों पर 204 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। वहीं, तिलक वर्मा भी अब तक इस टूर्नामेंट में अच्छी लय में दिखाई दिए हैं। तिलक टूर्नामेंट में दो शतक लगा चुके हैं। गेंदबाजी में अरशद खान ने यूएई के खिलाफ 4 विकेट चटकाए थे। वहीं, प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने नेपाल के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया था।

दूसरी ओर, श्रीलंका का प्रदर्शन भी टूर्नामेंट में दमदार रहा है। टीम ने अब तक खेले सभी तीन मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है। विकेटकीपर बल्लेबाज निशान मदुष्का अच्छी फॉर्म में दिखाई दिए हैं। इसके साथ ही पवन रत्नायके ने भी हांगकांग, चीन के खिलाफ दमदार पारी खेली थी। गेंदबाजी में श्रीलंका की तरफ से वानुजा साहन सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं, जिन्होंने 3 मुकाबलों में 7 विकेट चटकाए हैं।

भारत-ए की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, शाहबाज अहमद, सूर्यांश शेडगे, तनुश कोटियन, हर्ष दुबे, हर्षित राणा और अरशद खान।

श्रीलंका-ए की प्लेइंग इलेवन: लसिथ क्रूसपुले, सिनेथ जयवर्धने, निशान मदुष्का (विकेटकीपर), पवन रथनायके (कप्तान), निपुण धनंजय, जेनिथ लियानगे, वानुजा साहन, विजयकांत वियास्कंथ, रविन्दु फर्नांडो, लाहिरू समराकून और गरुका संकेथ।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter