टी20 वर्ल्ड कप फाइनल: भारतीय महिला टीम ने बढ़ाया टीम इंडिया का हौसला

नई दिल्ली, 8 मार्च। ऑस्ट्रेलिया में मौजूद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले भारतीय टीम को शुभकामना दी है। फाइनल मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है।  

बीसीसीआई ने महिला टीम की आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो जारी किया जिसमें कोच मजूमदार, बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और स्नेह राणा ने फाइनल मुकाबले के लिए टीम इंडिया को शुभकामना दी है। वीडियो में कैप्शन है, एक टीम इंडिया जिसने घर पर वर्ल्ड कप जीता, दूसरी आज रात घर पर वर्ल्ड कप जीतने जा रही है।

महिला टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने कहा, "मैं सभी को शुभकामनाएं देना चाहता हूं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बहुत भीड़ होगी। वर्ल्ड कप फाइनल खेलने के लिए शानदार माहौल होगा।"

ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कहा, "वर्ल्ड कप फाइनल के लिए ऑल द बेस्ट टीम इंडिया। हम सब आपका समर्थन कर रहे हैं। जाओ और जीतो।" 

जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा, "चलो इसे घर ले आते हैं। हम आपके लिए दुआ कर रहे हैं।"

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2 नवंबर 2025 को दक्षिण अफ्रीका को हराकर अपना पहला वनडे विश्व कप जीता था। यह मैच मुंबई में खेला गया था।

भारतीय टीम अगर टीम न्यूजीलैंड को हराकर विश्व कप जीतने में सफल रहती है तो कई रिकॉर्ड एक साथ टीम इंडिया के नाम जुड़ जाएंगे। भारतीय टीम 3 टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। लगातार 2 टी20 विश्व कप और अपने घर में टी20 विश्व कप जीतने वाली पहल टीम भी टीम इंडिया बन सकती है। 

भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में चौथी बार फाइनल में पहुंची है। यह किसी भी टीम द्वारा फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड है। भारतीय टीम 2007 और 2024 में चैंपियन रही है। 

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter