तय समय पर होगा आईपीएल 2026, फ्रेंचाइजी करेंगी विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पर फैसला

नई दिल्ली, 23 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का सीजन तय योजना के अनुसार ही आगे बढ़ेगा, जिसमें कुछ विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता और भागीदारी का फैसला फ्रेंचाइजी करेंगी। आईपीएल के एक अधिकारी ने यह जानकारी सोमवार को 'आईएएनएस' को दी है। यह बयान टूर्नामेंट से पहले कुछ विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच आया है। 

जहां कुछ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चोटों के कारण अभी तक अपनी-अपनी टीमों से नहीं जुड़ पाए हैं, वहीं कुछ अन्य खिलाड़ी वर्कलोड मैनेजमेंट (काम के बोझ को नियंत्रित करने) की योजनाओं के तहत टूर्नामेंट से बाहर रह सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने भी बताया कि वे मिचेल स्टार्क की भागीदारी पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें अभी तक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिला है, जबकि वे उनके वर्कलोड पर नजर रखे हुए हैं। हालांकि, भागीदारी को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी पूरी तरह से फ्रेंचाइजी की ही है।

आईपीएल के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "कुछ विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पर फैसला करना फ्रेंचाइजी के ऊपर है, जो टूर्नामेंट में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। सिर्फ चोटिल खिलाड़ी ही अभी तक टीम से नहीं जुड़े हैं, जबकि कुछ अन्य खिलाड़ी वर्कलोड से जुड़ी चिंताओं को देखते हुए ऐसा कर रहे हैं। यह फैसला फ्रेंचाइजी ही करेंगी। आईपीएल अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही और पूरे जोश के साथ शुरू होगा।"

श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना आईपीएल 2026 के शुरुआती चरण में नहीं खेलेंगे, जिसकी पुष्टि कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के हेड कोच अभिषेक नायर ने पुष्टि की है। पथिराना अप्रैल के मध्य से ही उपलब्ध हो पाएंगे। इसी तरह, पैट कमिंस भी अपनी टीम से देर से जुड़ेंगे, जिसके चलते भारत के विश्व कप विजेता खिलाड़ी ईशान किशन को अंतरिम कप्तान बनाया गया है। श्रीलंका के दासुन शनाका भी राजस्थान रॉयल्स में सैम करन की जगह शामिल हो सकते हैं, जो चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

इन चिंताओं के बावजूद, लीग को टूर्नामेंट की सुचारू शुरुआत का पूरा भरोसा है। आईपीएल का 19वां संस्करण 28 मार्च से शुरू होगा। पहला मैच मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीजन 10 टीमों के बीच कुल 74 मुकाबले खेले जाने हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement