फीफा सीरीज 2026 में खेलेगी भारतीय महिला टीम, जानें मैच की तारीख और शेड्यूल

नई दिल्ली, 24 मार्च। भारतीय महिला टीम अप्रैल में फीफा इंटरनेशनल महिला मैच विंडो के दौरान फीफा सीरीज 2026 में हिस्सा लेगी। यह मुकाबले नैरोबी स्थित न्यायो नेशनल स्टेडियम में खेले जाने हैं। 

2024 में शुरू की गई फीफा सीरीज एक अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली टूर्नामेंट है, जिसमें अलग-अलग परिसंघों की राष्ट्रीय टीमें हिस्सा लेती हैं। इसका उद्देश्य ऐसी टीमों के बीच मुकाबले कराना है, जो आमतौर पर एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खेलतीं। फीफा के अनुसार, इसका मकसद वैश्विक फुटबॉल के विकास को बढ़ावा देना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टीमों के बीच ज्यादा प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करना है।

'ब्लू टाइग्रेस' 11 अप्रैल को भारतीय समय के अनुसार रात 8:30 पर सेमीफाइनल में मेजबान केन्या का सामना करेंगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया और मलावी उसी दिन दोपहर 4:30 (भारतीय समय के अनुसार) पर दूसरा सेमीफाइनल खेलेंगे। सेमीफाइनल के विजेता और हारने वाले 15 अप्रैल को क्रमशः फाइनल और तीसरे स्थान के प्ले-ऑफ में भिड़ेंगे। अगर कोई मैच ड्रॉ पर समाप्त होता है, तो वह सीधे पेनाल्टी शूट-आउट में जाएगा, जिसमें कोई अतिरिक्त समय नहीं होगा।

चार टीमों में भारत फीफा वर्ल्ड रैंकिंग में 67वें स्थान के साथ दूसरी सबसे ऊंची रैंक वाली टीम है। वर्ल्ड रैंकिंग में 15वें स्थान पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया सबसे ऊपर है। वहीं, साउथ अफ्रीकी टीमें केन्या और मलावी क्रमशः 133वें और 153वें स्थान पर हैं।

इस महीने की शुरुआत में, भारत एफसी विमेंस एशियन कप ऑस्ट्रेलिया 2026 से बाहर हो गया था, जब उसे ग्रुप सी के आखिरी मैच में चीनी ताइपे के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला वेस्टर्न सिडनी स्टेडियम में खेला गया था।

वहीं, 2022 में एफसी विमेंस एशियन कप भारत 2022 के दौरान भारतीय टीम का वर्ल्ड कप का सपना अपने ही घर में टूट गया था, जब कोविड-19 के कारण टीम को टूर्नामेंट से हटना पड़ा। हालांकि, पिछले साल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वालीफायर के जरिए पहली बार अपने दम पर एशियन कप के लिए क्वालीफाई किया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement