आईपीएल 2026: एसआरएच की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, पीबीकेएस को 236 रन का लक्ष्य

हैदराबाद, 6 मई । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 49वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के विरुद्ध जीत के लिए 236 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। एसआरएच इस मुकाबले को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंचना चाहेगी।

बुधवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 235 रन बनाए। इस टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 3.3 ओवरों में 54 रन की साझेदारी की। अभिषेक 13 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

यहां से ट्रेविस हेड ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 30 रन की साझेदारी की। ट्रेविस 19 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 38 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन ने हेनरिक क्लासेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 88 रन जोड़ते हुए एसआरएच को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

ईशान ने टीम के खाते में 55 रन जोड़े। 32 गेंदों की इस पारी में ईशान के बल्ले से 4 छक्के और 2 चौके निकले। क्लासेन ने नितीश रेड्डी के साथ चौथे विकेट के लिए 32 गेंदों में 63 रन जुटाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। क्लासेन 43 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 69 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रेड्डी ने 13 गेंदों में 29 रन की नाबाद पारी खेली। पंजाब किंग्स की तरफ से अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल और विजयकुमार वैशाक ने 1-1 विकेट हासिल किया।

एसआरएच ने अपनी टीम में कुछ बदलाव किए हैं, उन्होंने नीतीश कुमार रेड्डी और साकिब हुसैन को टीम में शामिल किया है। अनिकेत वर्मा और हर्षल पटेल इस मैच से बाहर हैं। पैट कमिंस की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा और साकिब हुसैन के साथ मैच में उतरी है।

वहीं, पंजाब किंग्स ने शशांक सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन और वैशाख विजयकुमार को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है, जिन्होंने प्रियांश आर्य, नेहल वढेरा और जेवियर बार्टलेट की जगह ली है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पीबीकेएस प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल के साथ यह मैच खेल रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement