क्रिस लिन का एक महीने का निलंबन पूरा, बीबीएल में खेलने को तैयार

नई दिल्ली, 6 नवंबर । ऑस्ट्रेलिया के टी20 विशेषज्ञ क्रिस लिन को कोकीन लेने के मामले में एक महीने का बैन झेलना पड़ा है। इंग्लैंड के क्रिकेट रेगुलेटर ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। बैन की अवधि अब पूरी हो चुकी है।

बिग बैश लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले लिन का 18 जुलाई को इंग्लैंड में टी20 ब्लास्ट फाइनल्स डे के दौरान रूटीन एंटी-डोपिंग टेस्ट हुआ था। उस समय वह नॉर्थम्पटनशायर स्टीलबैक्स की ओर से खेल रहे थे। टेस्ट में उनका सैंपल पॉजिटिव पाया गया था।

क्रिकेट रेगुलेटर ने बयान में कहा, "क्रिकेट रेगुलेटर ने नॉर्थम्पटनशायर स्टीलबैक्स के पूर्व क्रिकेटर क्रिस लिन को एक महीने के लिए निलंबित किया गया है। निलंबन का समय अब पूरा हो गया है।"

36 साल के लिन का कोकीन के मेटाबोलाइट बेंजॉयलेगोनिन के कम लेवल के लिए टेस्ट पॉजिटिव आया था। उन्होंने आरोप स्वीकार कर लिया। जांच में यह माना गया कि यह कॉम्पिटिशन के बाहर इस्तेमाल का मामला था और इसका खेल के प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं था। इसी वजह से उनका बैन तीन महीने की जगह 1 महीने का था।

लिन ने इसके साथ ही नशे की लत से जुड़ा रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम भी पूरा कर लिया है।

दाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 18 टी20 और 4 वनडे मैच खेले हैं। वह बिग बैश लीग के इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक माने जाते हैं।

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक, "लिन अगले महीने शुरू होने वाली बिग बैश लीग के नए सीजन के लिए मेलबर्न रेनेगेड्स में शामिल होने के लिए तैयार थे। बैन पूरा होने के बाद अब उनके इस सीजन में खेलने का रास्ता साफ हो गया है।"

लिन से जुड़ा यह मामला खिलाड़ियों के डोपिंग और मैदान के बाहर की जिम्मेदारी पर फिर सवाल खड़े करता है, हालांकि रेगुलेटर ने साफ किया है कि यह प्रदर्शन बढ़ाने वाला मामला नहीं था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter