122 पारियों का इंतजार, फिर खेली यादगार पारी, वेस्टइंडीज की जीत के बाद भावुक हुईं शेमेन कैम्पबेल

नई दिल्ली, 14 जून । 'इंतजार का फल मीठा होता है।' इस कहावत का एहसास वेस्टइंडीज की बल्लेबाज शेमेन कैम्पबेल को महिला टी20 विश्व कप 2026 के चौथे मैच में हुआ। 122 पारियों के बाद उनके बल्ले से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अर्धशतकीय पारी निकली, जो एकदम सही समय पर आई।

डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड के खिलाफ वेस्टइंडीज को मिली 7 विकेट से जीत में कैम्पबेल का अहम योगदान रहा। न्यूजीलैंड से मिले 163 रनों के लक्ष्य को कैरेबियाई टीम ने 19.5 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल किया। कियाना जोसेफ (2 रन) के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरीं कैम्पबेल अंत तक मैदान पर डटी रहीं और टीम को जीत दिलाकर लौटीं।

उन्होंने 62 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 90 रनों की दमदार पारी खेली। यह कैम्पबेल के टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला अर्धशतक रहा। वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे अधिक पारी खेलने के बाद अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज बनीं। वेस्टइंडीज को जीत दिलाने के बाद कैम्पबेल अपने इमोशन्स पर काबू नहीं रख सकीं और ग्राउंड पर ही भावुक हो गईं। वेस्टइंडीज की अन्य खिलाड़ी कैम्पबेल को चुप कराती और उनको शानदार पारी खेलने पर बधाई देती हुई नजर आईं।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही, और कियाना जोसेफ सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुईं। हालांकि, इसके बाद हेली मैथ्यूज और कैम्पबेल ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 61 गेंदों में 74 रनों की अहम साझेदारी निभाई। मैथ्यूज ने 37 गेंदों की अपनी पारी में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 48 रन बनाए। डिएंड्रा डॉटिन सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि जाहजारा क्लैक्सटन 5 रन बनाकर नाबाद रहीं।

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। कीवी टीम की तरफ से ब्रुक हॉलिडे ने सर्वाधिक 40 रन बनाए, जबकि इसाबेला गेज ने 29 गेंदों में 39 रनों का योगदान दिया। वहीं, सोफी डिवाइन ने 15 गेंदों में 22 रन बनाए, तो मेडी ग्रीन 22 गेंदों में 35 रन नबाकर नाबाद रहीं। गेंदबाजी में वेस्टइंडीज की ओर से आलिया एलेने ने सिर्फ 27 रन देकर 4 विकेट चटकाए।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement