महिला टी20 विश्व कप: कैम्पबेल की दमदार पारी, रोमांचक मैच में वेस्टइंडीज ने डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड को हराया

साउथेम्प्टन, 14 जून । इंग्लैंड में वेस्टइंडीज ने महिला टी20 विश्व कप 2026 का आगाज यादगार जीत के साथ किया है। साउथेम्प्टन के रोज बाउल मैदान पर खेले गए मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया। वेस्टइंडीज ने 163 रनों के लक्ष्य को 19.5 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल किया। टीम की इस जीत की नायक शेमेन कैम्पबेल रहीं, जिन्होंने दमदार पारी खेली।

न्यूजीलैंड से मिले 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कियाना जोसेफ महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद हेली मैथ्यूज और कैम्पबेल ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 61 गेंदों में 74 रनों की अहम साझेदारी निभाई। मैथ्यूज 37 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुईं, हालांकि कैम्पबेल ने दूसरे छोर से अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी।

कैम्पबेल ने 62 गेंदों का सामना करते हुए 90 रनों की नाबाद पारी खेली और वह टीम को जीत दिलाकर लौटीं। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 145 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 7 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए। डिएंड्रा डॉटिन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि जाहजारा क्लैक्सटन 5 रन बनाकर नाबाद रहीं। गेंदबाजी में न्यूजीलैंड की ओर से जेस केर ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए।

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 162 रन लगाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जॉर्जिया प्लिमर महज 8 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद कप्तान अमेलिया केर सिर्फ 5 रन ही बना सकीं। सोफी डिवाइन ने आगाज तो दमदार किया, लेकिन वह 15 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुईं। इसाबेला गेज ने 29 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 39 रन बनाए।

ब्रुक हॉलिडे ने मुश्किल हालातों में बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि मेडी ग्रीन 22 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाकर नाबाद रहीं। गेंदबाजी में वेस्टइंडीज की तरफ से आलिया एलेने ने 4 ओवर में 27 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, मैथ्यूज और डॉटिन ने एक-एक विकेट चटकाया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement