एशियन गेम्स: मलेशिया ने हांगकांग को 8 विकेट से हराया

निशिन, 24 सितंबर । एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। ग्रुप बी के एक मैच में कमजोर मानी जा रही मलेशिया ने हांगकांग, चीन को 8 विकेट से हरा दिया। मलेशिया की जीत ने क्रिकेट फैंस को चौंकाया है और इस टीम के सुनहरे भविष्य के संकेत भी दिए हैं।

हांगकांग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। टीम का फैसला पूरी तरह गलत साबित हुआ। हांगकांग 20 ओवर में 9 विकेट पर 81 रन ही बना सकी। टीम के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए शिव माथुर सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। शिव ने 39 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 29 रन की पारी खेली। इसके अलावा, सलामी बल्लेबाज निजाकत खान ने 14 गेंदों पर 19 रन की पारी खेली। दसवें नंबर पर आए हसन खान मोहम्मद ने नाबाद 13 रन बनाए।

मलेशिया के लिए पवनदीप सिंह और मुहम्मद अमीर अजीम ने 3-3 विकेट लिए। इसके अलावा, सैयद अजीज मुबारक, मुहम्मद वाकिफ और विरनदीप सिंह ने 1-1 विकेट लिए।

मलेशिया को 82 रन का लक्ष्य हासिल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। विरनदीप सिंह के 32 गेंदों पर नाबाद 32 रन और मुहम्मद स्याहदत के 32 गेंदों पर नाबाद 36 रन तथा दोनों के बीच हुई नाबाद 70 रन की साझेदारी के दम पर मलेशिया ने 12 ओवर में 2 विकेट खोकर 84 रन बनाकर मैच 8 विकेट से अपने नाम किया। विरनदीप ने अपनी पारी में 2 छक्के और 2 चौके लगाए, जबकि स्याहदत ने अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्के लगाए। इन दोनों की साझेदारी ने एक समय 14 रन पर 2 विकेट गंवा चुकी मलेशिया को आसान जीत दिला दी।

हांगकांग की तरफ से दोनों विकेट नसरुल्ला राणा ने लिए।

हांगकांग का अगला मैच शुक्रवार को ओमान के साथ होगा, जबकि मलेशिया अपना अगला मैच शनिवार को ओमान के खिलाफ खेलेगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter