पीएम मोदी ने इम्फाल में एमएनसीए इंडोर क्रिकेट एकेडमी का वर्चुअल उद्घाटन किया

इम्फाल, 28 अप्रैल । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा फंड की गई एमएनसीए इंडोर क्रिकेट एकेडमी का वर्चुअल उद्घाटन मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इम्फाल के लुवांगसांगबाम स्थित लुवांगपोकपा क्रिकेट स्टेडियम में किया।

यह उद्घाटन पूर्वोत्तर राज्यों के क्रिकेट संघों के लिए इंडोर क्रिकेट एकेडमी शुरू करने की पहल के तहत किया गया।

मणिपुर क्रिकेट एसोसिएशन (एमएनसीए) के सचिव लैरेनजम गीतरंजन सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए इस उद्घाटन को मणिपुर क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पल बताया और बीसीसीआई सचिव के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान इस प्रोजेक्ट को समर्थन देने के लिए मौजूदा आईसीसी अध्यक्ष जय शाह का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि यह एकेडमी विश्व-स्तरीय सुविधाओं से लैस है, जिसमें तीन इंडोर पिच, एक जिम, एक प्रशासनिक कार्यालय और एक हीटेड स्विमिंग पूल शामिल है। बीसीसीआई अगले दो वर्षों तक इस एकेडमी के रखरखाव और संचालन का खर्च वहन करेगा।

गीतरंजन ने कहा कि यह इंडोर एकेडमी मणिपुर के खिलाड़ियों के लिए, विशेष रूप से बारिश के मौसम में, बेहद मददगार साबित होगी, क्योंकि अब कोचिंग कैंप और प्रशिक्षण सत्र पूरे साल बिना खिलाड़ियों को राज्य से बाहर भेजे, लगातार जारी रखे जा सकेंगे।

मणिपुर क्रिकेट एसोसिएशन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि 2025 के सीजन में मणिपुर ने बीसीसीआई के पाच घरेलू टूर्नामेंटों के फाइनल में जगह बनाई और अंडर-19 वर्ग में दो खिताब अपने नाम किए। मणिपुर का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी खिलाड़ी स्थानीय हैं, जिन्हें एसोसिएशन ने पिछले कई वर्षों में तैयार किया है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह नई इंडोर एकेडमी आने वाले वर्षों में क्रिकेट के क्षेत्र में मणिपुर के लड़कों और लड़कियों के प्रदर्शन को और भी बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

एक युवा क्रिकेटर मार्वी ने आईएएनएस से कहा कि मुझे यहां आकर अच्छा लग रहा है। मुझे लग रहा है कि मेरा सपना पूरा हो जाएगा। यहां हमें बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।

एक अन्य युवा क्रिकेटर ने कहा, "इंडोर स्टेडियम खुलने से हम बहुत खुश हैं। हमारी बल्लेबाजी, गेंदबाजी की स्किल अब पहले से बेहतर होगी।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement