जापान ओपन 2026: जीत के साथ सिंधु की शुरुआत, आगे बढ़ी ध्रुव-तनीषा की जोड़ी

टोक्यो, 14 जुलाई । पीवी सिंधु और ध्रुव कपिला-तनीषा क्रास्टो की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी ने मंगलवार को जापान की राजधानी में बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 टूर्नामेंट के अपने-अपने शुरुआती राउंड के मुकाबले जीतकर जापान ओपन 2026 के दूसरे राउंड में जगह बनाई।

2019 की बीडब्ल्यूएफ चैंपियन पीवी सिंधु ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को 21-14, 21-11 से हराया। यह मुकाबला सिर्फ 36 मिनट तक चला। वहीं, ध्रुव और तनीषा ने भी स्कॉटलैंड के अलेक्जेंडर डन/जूली मैकफर्सन को 21-16, 21-14 से शिकस्त देकर अगले राउंड में प्रवेश किया।

हालांकि, मिक्स्ड डबल्स में रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी चीन के टॉप सीड फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग से 11-21, 10-21 से हारकर बाहर हो गए।

मेंस डबल्स में, हरिहरन अमसाकरुणन और एमआर अर्जुन ने वापसी करते हुए दूसरा गेम जीता, लेकिन अंततः चीनी ताइपे के ली जे-हुई और यांग पो-ह्सुआन की जोड़ी के हाथों 13-21, 21-17, 7-21 से हार का सामना करना पड़ा।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी डेनमार्क के डेनियल और मैड्स वेस्टरगार्ड के खिलाफ शुरुआती राउंड में ही बाहर हो गए। जून में इंडोनेशिया ओपन से हटने के बाद पहली बार प्रतियोगिता में वापसी कर रही वर्ल्ड नंबर 4 जोड़ी अपना मैच पूरा नहीं कर सकी। भारतीय जोड़ी कड़े मुकाबले वाले पहले गेम में 19-21 से हार गई और इसके बाद आगे नहीं खेलने का फैसला किया, क्योंकि सात्विक को कंधे की उसी चोट से फिर परेशानी हुई जिसके कारण यह जोड़ी पिछले एक महीने से बाहर थी। इस नई चोट के कारण यह जोड़ी अगले हफ्ते होने वाले चाइना ओपन में भी हिस्सा नहीं ले पाएगी, क्योंकि अब वे अगले महीने भारत में होने वाली बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी पर ध्यान दे रहे हैं।

9,50,000 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि वाला यह टूर्नामेंट बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर का एक अहम हिस्सा है। खिलाड़ी यहां अहम रैंकिंग प्वाइंट हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि वे अगले महीने नई दिल्ली में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप और इस साल के आखिर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए अपनी स्थिति मजबूत कर सकें।

भारत ने अभी तक जापान ओपन का खिताब नहीं जीता है। भारतीय टीम इस सूखे को खत्म करने और 2026 बैडमिंटन कैलेंडर के दो सबसे बड़े इवेंट्स से पहले अपनी लय बनाने के लिए उत्सुक होगी।

परिणाम (राउंड 1):

विमेंस सिंगल्स: पीवी सिंधु ने वोंग लिंग चिंग (मलेशिया) को 21-14, 21-11 से हराया।

मिक्स्ड डबल्स: ध्रुव कपिला/तनीषा क्रास्टो ने अलेक्जेंडर डन/जूली मैकफर्सन (स्कॉटलैंड) को 21-16, 21-14 से मात दी।

मिक्स्ड डबल्स: फेंग यान झे/हुआंग डोंग पिंग (चीन) ने रोहन कपूर/रुत्विका शिवानी को 21-11, 21-10 से शिकस्त दी।

मेंस डबल्स: डैनियल/मैड्स वेस्टरगार्ड (डेनमार्क) ने सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी/चिराग शेट्टी को 21-19 (रिटायर्ड) से हराया।

मेंस डबल्स: ली जे-हुई/यांग पो-ह्सुआन (चीनी ताइपे) ने हरिहरन अमसाकरुणन/एमआर अर्जुन को 21-13, 17-21, 21-7 से मात दी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement