'ब्रिक्स फ्रेंडशिप संडे ऑन साइकिल' का आयोजन हुआ, फिट इंडिया अभियान आगे बढ़ रहा: मांडविया

विशाखापत्तनम, 23 अगस्त । केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने विशाखापत्तनम में 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम में हिस्सा लिया। ब्रिक्स देशों के बैठक के अवसर पर आयोजित 'संडे ऑन साइकिल' का यह संस्करण विशेष रहा।

'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए मांडविया ने कहा, "विशाखापत्तनम में ब्रिक्स सम्मेलन के अवसर पर 'ब्रिक्स फ्रेंडशिप संडे ऑन साइकिल' का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फिट इंडिया अभियान आगे बढ़ रहा है। देश में 18,000 से अधिक जगहों पर संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन कर देश के युवा फिटनेस का संदेश दे रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "साइकिल चलाने सबसे बेहतर व्यायाम है। साइकिल चलाने से हमारा पर्यावरण भी स्वच्छ और सुरक्षित रहता है। साइकिल चलाने से इंधन की बचत भी होती है। हम सभी को विकसित भारत बनाने के लिए फिट रहना है। व्यक्ति के स्वस्थ रहने से समाज स्वस्थ होता है और स्वस्थ समाज ही स्वस्थ और फिट देश का निर्माण करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसी उद्देश्य से फिटनेस अभियान चलाया है। हम सभी प्रत्येक संडे को साइकिल चलाकर उनके उद्देश्य को पूर्ण करने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।"

भारत, अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत 22 और 23 अगस्त को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में ब्रिक्स युवा मंत्रियों और खेल मंत्रियों के बैठक की मेजबानी कर रहा है। दो दिन तक चलने वाली इन बैठकों में ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देशों के मंत्री और प्रतिनिधिमंडल शामिल हो रहे हैं। बैठकों का मकसद युवा मामलों और खेल के क्षेत्रों में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना है।

डॉ. मनसुख मांडविया इन बैठकों की अध्यक्षता कर रहे हैं, जबकि युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे भी बैठक का हिस्सा है।

23 अगस्त को होने वाली ब्रिक्स खेल मंत्रियों की बैठक में ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों के खेल मंत्री और प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख शामिल होंगे। यह बैठक खेलों में सहयोग को मजबूत करने की उनकी साझा प्रतिबद्धता को फिर से दोहराएगी।

2026 में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का विषय "लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण" है, जो लोगों पर केंद्रित और मानवता को प्राथमिकता देने वाले दृष्टिकोण को दर्शाता है।

युवा मामले और खेल मंत्रालय ने कहा, "मंत्रियों की ये बैठकें भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान हुई बैठकों और चर्चाओं को आगे बढ़ाएंगी और ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच सहयोग को बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेंगी।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter