एशियन गेम्स 2026: भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का विजय रथ जारी, चीनी ताइपे

नागोया, 24 सितंबर । एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। सेमीफाइनल का टिकट हासिल करके देश के लिए पहले ही मेडल पक्का कर चुकी भारतीय टीम ने चीनी ताइपे के खिलाफ दमदार खेल दिखाते हुए 37-21 से जीत दर्ज की।

भारतीय रेडर्स मुकाबले में पूरी तरह से चीनी ताइपे के डिफेंस पर हावी नजर आए। पहले हाफ में भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिला। पहले हाफ में ही टीम ने 23-11 की बड़ी बढ़त हासिल की। चीनी ताइपे के डिफेंडर्स पहले हाफ में भारत के रेडर्स के खिलाफ पूरी तरह से बेबस दिखाई दिए। भारतीय टीम का डिफेंस भी मुकाबले में काफी मजबूत नजर आया।

दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने अपना दमदार खेल जारी रखा, हालांकि चीनी ताइपे के डिफेंस ने पहले हाफ के मुकाबले दूसरे हाफ में बेहतर खेल दिखाया। भारत ने दूसरे हाफ में कुल 14 प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि चीनी ताइपे की टीम 10 प्वाइंट ही अर्जित कर सकी। इस जीत के साथ ही सुनील कुमार की कप्तानी में भारतीय कबड्डी टीम का एशियन गेम्स 2026 में विजय रथ जारी है।

टीम ने टूर्नामेंट का आगाज जापान के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ किया था। इसके बाद साउथ कोरिया के खिलाफ भी भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने मैच को 63-31 के बड़े अंतर से जीता। वहीं, तीसरे मैच में बांग्लादेश के खिलाफ भी टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। बांग्लादेश को 48-25 से हराने के साथ ही भारतीय टीम ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया और देश के लिए मेडल भी पक्का किया।

सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की भिड़ंत थाईलैंड से होगी। भारत एशियन गेम्स के इतिहास की सबसे सफल टीम रही है। टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने कुल 9 बार हिस्सा लिया है, जिसमें से 8 बार गोल्ड मेडल को अपने नाम किया है। सिर्फ साल 2018 में जकार्ता में हुए एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter