मंगलौर में CM धामी की बड़ी घोषणाएं, कन्या डिग्री कॉलेज और पुल का होगा निर्माण
हरिद्वार के मंगलौर में जन आशीर्वाद रैली में सीएम धामी ने कन्या डिग्री कॉलेज, पुल, सड़क और नाले के निर्माण समेत कई घोषणाएं कीं। गन्ना मूल्य वृद्धि पर भी दिया बयान।
हरिद्वार के मंगलौर में सीएम धामी की जन आशीर्वाद रैली, कन्या डिग्री कॉलेज और पुल निर्माण समेत कई घोषणाएं
हरिद्वार, 25 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार जिले के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज का नवनिर्माण, गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण, नारसन खुर्द में पक्के नाले का निर्माण और विभिन्न गांवों में सड़क एवं तटबंध निर्माण के कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण, नारसन खुर्द में नाले की सफाई एवं पक्के नाले के निर्माण तथा लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर लंबे समय से बंद पड़े पुल के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाले सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध निर्माण और ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण कराने की भी घोषणा की।
ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा। वहीं, किसानों की ओर से गन्ना मूल्य में वृद्धि की मांग पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर साल किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है। पिछले वर्ष भी मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मंगलौर क्षेत्र के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए कई कार्य किए गए हैं। नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है, जबकि लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मंगलौर में एक हजार से अधिक लोगों को मिले प्रधानमंत्री आवास
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण कराया गया है। वहीं, 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन योजनाओं से क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त कृषि ऋण
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निशुल्क की गई है। इसके अलावा फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
UCC और सख्त नकल विरोधी कानून समेत कई फैसलों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान और उनकी स्मृतियों को संरक्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सुशासन स्थापित करने, कानून-व्यवस्था मजबूत बनाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय बढ़ाना और मातृशक्ति का सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ सरकार लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, ब्लॉक प्रमुख कविंद्र चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर और सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Source: The News Com Network