उत्तराखंड: 13 जिलों में 28 नवंबर को होगी मॉक ड्रिल, आपदा प्रबंधन दिवस

उत्तराखंड में राज्य आपदा प्रबंधन दिवस का शुभारंभ, 13 जिलों में 28 नवंबर को होगी मॉक ड्रिल

देहरादून, 25 नवंबर । सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसके साथ ही राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के कार्यक्रमों का शुभारंभ हो गया।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में आयोजित इस अभ्यास में प्रदेश के सभी 13 जिलों के अधिकारियों और संबंधित विभागों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न संभावित आपदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिलों की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया, विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार व्यवस्था और राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति का परीक्षण किया गया।

आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय पर जोर

टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान अधिकारियों को अलग-अलग आपदा परिदृश्य दिए गए। उनसे यह जानकारी ली गई कि आपदा की सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, राहत सामग्री पहुंचाने और अन्य एजेंसियों को सक्रिय करने के लिए किस तरह की कार्ययोजना अपनाई जाएगी।

सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य केवल आपदा प्रबंधन योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा के समय राज्य की प्रतिक्रिया व्यवस्था की तत्परता और प्रभावशीलता का आकलन करना भी है। आपदा के दौरान कुछ मिनट भी बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में प्रत्येक जिले में संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारियां, संसाधनों की उपलब्धता, संचार व्यवस्था और कमांड एवं नियंत्रण प्रणाली स्पष्ट होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान से यह सीख मिली है कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर समन्वय, स्पष्ट जिम्मेदारी, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और संसाधनों का प्रभावी उपयोग लोगों की जान बचाने में निर्णायक साबित होता है। इसी अनुभव के आधार पर राज्य की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए टेबल टॉप एक्सरसाइज और मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं।

28 नवंबर को 13 जिलों में 250 से 300 स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल

सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि 28 नवंबर को उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास राज्य स्तर से लेकर तहसील और स्थानीय स्तर तक होगा। इसके तहत प्रदेश में लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा।

मॉक ड्रिल के दौरान राहत शिविरों की स्थापना और उनके संचालन का भी अभ्यास किया जाएगा। इसके साथ ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां अपने आधुनिक उपकरणों, खोज एवं बचाव संसाधनों, संचार प्रणालियों तथा आपदा प्रतिक्रिया वाहनों का प्रदर्शन करेंगी। इन उपकरणों और संसाधनों के संचालन का व्यावहारिक अभ्यास भी किया जाएगा।

स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में भी होंगे जागरूकता कार्यक्रम

राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत सरकारी कार्यालयों में आपदा सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। वहीं, विद्यालयों में मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर, स्लोगन और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी कराई जा रही हैं।

इसके अलावा विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय के साथ बैठकें, जागरूकता रैलियां, जनसंपर्क अभियान और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को आपदा सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) एवं डीआईजी राजकुमार नेगी, जया बलूनी, डिप्टी कमांडेंट जनरल राजीव बलूनी, एसके राणा, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित विभिन्न विभागों और जनपदों के अधिकारी मौजूद रहे।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter