सीएम धामी ने झनकईया गंगा स्नान मेले का किया शुभारंभ, शारदा कॉरिडोर में बनेंगे स्नान घाट
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया। शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया और काला पुल के पास स्नान घाट बनाने की घोषणा की।
सीएम धामी ने झनकईया गंगा स्नान मेले का किया शुभारंभ, शारदा कॉरिडोर में स्नान घाट बनाने की घोषणा
खटीमा, 24 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया और शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा और श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का अनूठा संगम है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। खुशी की बात है कि नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह के साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सद्भाव को मजबूत करता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध हैं तथा दोनों देशों की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मेले में सीमांत क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की भागीदारी, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और रीति-रिवाज इस मेले को विशिष्ट पहचान देते हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर भी उपलब्ध कराते हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से होती है। राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ पारंपरिक मेलों, महोत्सवों और सांस्कृतिक आयोजनों को भी लगातार प्रोत्साहित कर रही है। इसी क्रम में हाल ही में खटीमा में आदि गौरव महोत्सव और देहरादून में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अटल आवास योजना के तहत आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास निर्माण के लिए सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के बाद उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जनजातीय और सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने सहित कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान करने के साथ ही समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने मेले के विस्तार और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास किया जाएगा और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेले में स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े भी खरीदे। इसके माध्यम से उन्होंने स्थानीय उत्पादों और कारोबार को बढ़ावा देने के लिए 'वोकल फॉर लोकल' का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रणदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार और निर्मला बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Source: The News Com Network