उत्तराखंड: आंगनबाड़ी कर्मचारियों का बढ़ेगा मानदेय, सीएम धामी से मिलकर जताया आभार
उत्तराखंड में दिसंबर 2026 से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजन माताओं का मानदेय बढ़ाने की घोषणा पर कर्मचारी संगठनों ने सीएम पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
मानदेय बढ़ाने की घोषणा पर आंगनबाड़ी संगठनों ने जताया सीएम धामी का आभार, मुख्यमंत्री आवास पर की मुलाकात
देहरादून, 22 नवंबर । उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजन माताओं के मानदेय में दिसंबर 2026 से बढ़ोतरी की घोषणा के बाद विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है। इसी क्रम में सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री आवास पर उनसे मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि राज्य सरकार के इस फैसले से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजन माताओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी। साथ ही उनके मनोबल में भी वृद्धि होगी। उन्होंने मानदेय बढ़ाने की घोषणा को कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनका योगदान सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा को लेकर लगातार प्रयास कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके समर्पण और सेवाभाव को देखते हुए सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं को बेहतर अवसर, सम्मान और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की मेहनत से महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूती मिल रही है।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत और प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे मौजूद रहीं। वहीं, उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Source: The News Com Network