श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ, CM धामी की बड़ी घोषणाएं

श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ, सीएम धामी ने की कई बड़ी घोषणाएं

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल), 23 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल में आयोजित बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा। इसके बाद उन्होंने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड मंदिर माला मिशन और मानसखंड मंदिर माला मिशन के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार के प्रयासों से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

श्रीनगर में 200 करोड़ की सीवर परियोजना, 650 करोड़ से बन रहा एनआईटी

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा नगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम तेजी से चल रहा है। रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से आवागमन आसान होगा और पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। बेस अस्पताल श्रीनगर में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। वहीं, नगर निगम क्षेत्र में करीब नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क एवं नाली निर्माण और पार्कों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं।

श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द ही हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने श्रीनगर में यूकॉस्ट के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने और श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात भी कही।

इसके अलावा विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की। धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी घोषणा की।

विशेष डाक आवरण और पुस्तक का किया विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण और शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक 'मां राजराजेश्वरी चालीसा' का विमोचन किया।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर श्रीनगर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी, एसडीएम नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

खबर की मुख्य बातें

  • सीएम पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

  • मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

  • श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा।

  • श्रीनगर में यूकॉस्ट के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा।

  • करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।

  • लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी श्रीनगर का निर्माण कार्य जारी।

  • श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन को मिलेगी मंजूरी।

  • धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक घाट विकसित होगा।

  • विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण होगा।

  • पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने की जानकारी दी।

  • आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से वृद्धि का निर्णय।

  • बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की घोषणा।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter