उत्तराखण्ड में 20 नवंबर से घर-घर वोटर वेरिफिकेशन, लापरवाही पर होगी

उत्तराखण्ड में 20 नवंबर से घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

देहरादून, 18 नवंबर। उत्तराखण्ड में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए 20 से 27 नवंबर तक विशेष घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेशभर में एक सप्ताह तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने क्षेत्र की मतदाता सूची का गहन सत्यापन करेगा। इस दौरान मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को चिह्नित किया जाएगा और संबंधित मतदाताओं के माध्यम से उनमें आवश्यक सुधार कराया जाएगा।

11 दिसंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावे और आपत्तियां

डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि विधानसभा मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने, दर्ज विवरण में संशोधन कराने अथवा अपात्र प्रविष्टि हटाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक निर्धारित प्रारूपों में दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं।

इसके लिए नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जाएगा।

एक से अधिक जगह दर्ज नामों की होगी जांच

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष सत्यापन अभियान के दौरान ऐसे मामलों की पहचान की जाए, जिनमें किसी मतदाता का नाम एक ही बूथ पर या एक से अधिक मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में दर्ज है। ऐसी अतिरिक्त प्रविष्टियों को नियमानुसार फार्म-7 के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया अपनाकर हटाने की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 के तहत कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में अथवा एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता।

मतदाता अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण जांचें

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम, पता, आयु तथा अन्य विवरण अच्छी तरह जांच लें।

यदि किसी विवरण में गलती या अशुद्धि मिलती है तो निर्धारित अवधि के भीतर फार्म-8 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा करें। वहीं, यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो वह फार्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकता है।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter